विश्व हिंदू परिषद ने 101 पौधे लगाकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश, मदरसों की जांच की उठाई मांग
वीएचपी जिलाध्यक्ष डॉ. जे एन दास बोले- हिंदू समाज वृक्ष लगाकर जीवन बचाता है और दूसरे समुदाय नफरत की तालीम देते हैं, झारखंड में भी मदरसों की हो जांच

गम्हरिया : सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया बस्ती स्थित गोराई पाड़ा के बासंती मंदिर परिसर में शुक्रवार को विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल की ओर से पर्यावरण संरक्षण अभियान के तहत 101 पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष डॉ. जे.एन. दास ने किया जबकि इसमें बजरंग दल आदित्यपुर नगर संयोजक सानू सिंह समेत संगठन के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया। इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष डॉ. जे.एन. दास ने कहा कि हिंदू संस्कृति सदैव प्रकृति की पूजा और संरक्षण का संदेश देती रही है। उन्होंने कहा कि हम हिंदू पेड़ लगाकर जीवन बचाने का कार्य करते हैं जबकि दूसरे समुदाय के लोग मदरसों में बम-बारूद बनाने की तालीम देते हैं। उत्तराखंड सरकार की तरह झारखंड सरकार को भी राज्य के मदरसों की व्यापक जांच करानी चाहिए और यदि कहीं अवैध गतिविधियां मिलती हैं तो ऐसे मदरसों को तत्काल बंद किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और किसी भी प्रकार की राष्ट्रविरोधी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए। बजरंग दल आदित्यपुर नगर संयोजक सानू सिंह ने भी संयुक्त रूप से डॉ. जे.एन. दास के बयान का समर्थन करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्र सुरक्षा दोनों आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता हैं। एक ओर हिंदू समाज वृक्षारोपण कर प्रकृति और जीवन की रक्षा का संदेश देता है वहीं यदि कहीं भी राष्ट्रविरोधी गतिविधियों की आशंका है तो उसकी निष्पक्ष जांच होना आवश्यक है। उत्तराखंड की तर्ज पर झारखंड सरकार को भी मदरसों की जांच कर सच्चाई जनता के सामने लानी चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील की कि प्रत्येक व्यक्ति कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसकी देखभाल भी करे ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ पर्यावरण मिल सके। कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद के गम्हरिया प्रखंड अध्यक्ष सिंटू गोराई, प्रखंड उपाध्यक्ष धनंजय स्वर्णकार, सुमित सिंह, अमित सिंह, देवस चौहान, शंभु दास, अभिषेक मिश्रा, साहिल सोनकर, अमन सिंह, सोनू कुमार, टीपू नायक, गौतम नायक, मिथुन नायक, हराधन कैवर्तो, बैंगा नायक सहित बड़ी संख्या में बजरंग दल एवं विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।