ताज़ा-ख़बर

कारगिल विजय दिवस पर वीर शहीदों को नमन, वीर नारियों और पूर्व सैनिकों का होगा भव्य सम्मान

रिपोर्ट: 1 घंटे पहलेझारखण्ड

26 जुलाई को पलामू में गूंजेगा देशभक्ति का जज्बा, शहीद चौक से टाउन हॉल तक होंगे श्रद्धांजलि व सम्मान समारोह

कारगिल विजय दिवस पर वीर शहीदों को नमन, वीर नारियों और पूर्व सैनिकों का होगा भव्य सम्मान

मेदिनीनगर : कारगिल विजय दिवस के अवसर पर 26 जुलाई, रविवार को मेदिनीनगर में शौर्य, सम्मान और राष्ट्रभक्ति का भव्य आयोजन किया जाएगा। अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, पलामू एवं पलामू प्रमंडल योद्धा समूह के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस समारोह में कारगिल युद्ध के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ वीर नारियों एवं पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम स्थानीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति नगर भवन (टाउन हॉल) में पूर्वाह्न 11 बजे से आयोजित होगा। इस संबंध में परिषद के जिलाध्यक्ष दामोदर मिश्र एवं महासचिव सुनील कुमार सिंह ने संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10 बजे शहीद चौक (पूर्ववर्ती कचहरी चौक) पर शहीदों की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं श्रद्धांजलि अर्पित कर की जाएगी। इसके उपरांत टाउन हॉल में दीप प्रज्वलन के साथ मुख्य समारोह का शुभारंभ होगा। समारोह के दौरान कारगिल युद्ध में सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीद सैनिकों की वीर नारियों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही पलामू जिले के उन सैनिकों को भी विशेष सम्मान प्रदान किया जाएगा जिन्होंने देश की रक्षा करते हुए युद्ध में अपने शरीर के महत्वपूर्ण अंग गंवाए अथवा वीरता पदकों से अलंकृत हुए हैं। आयोजन का उद्देश्य नई पीढ़ी को भारतीय सेना के अदम्य साहस, शौर्य और बलिदान से परिचित कराना तथा राष्ट्रभक्ति की भावना को और सशक्त बनाना है। कार्यक्रम में प्रशासनिक, राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र की अनेक गणमान्य हस्तियों की उपस्थिति रहेगी। इसके अलावा विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं एवं स्थानीय कलाकारों द्वारा देशभक्ति गीत, नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी जो समारोह का मुख्य आकर्षण होंगी। आयोजकों ने जिले के सभी सेवारत एवं पूर्व सैनिकों से अपने परिवार सहित समारोह में शामिल होने की अपील की है। साथ ही आम नागरिकों, विशेषकर युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर देश के वीर सैनिकों के प्रति सम्मान व्यक्त करने तथा कार्यक्रम को सफल बनाने का आग्रह किया है। परिषद का कहना है कि कारगिल विजय दिवस केवल एक स्मृति दिवस नहीं बल्कि राष्ट्र की एकता, सैनिकों के अदम्य साहस और देशभक्ति की भावना को सुदृढ़ करने का प्रेरणादायी अवसर है।

इन्हें भी पढ़ें.