आदित्यपुर के आशियाना चौक पर अपहरण और हवाई फायरिंग से सनसनी, नकाबपोशों पर युवक को जबरन ले जाने का आरोप
कार से उतारकर अमीर को जबरन दूसरी गाड़ी में बैठाने का दावा, पुलिस बोली- न खोखा मिला, न घटना की पुष्टि

आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र के आशियाना चौक पर सोमवार शाम करीब सात बजे अपहरण और हवाई फायरिंग की सूचना से सनसनी फैल गई। घटना को लेकर कोलाबीरा के बालीगुमा निवासी अफसर अली और उसके ममेरे भाई अमीर के आदित्यपुर आने के दौरान वारदात होने की बात सामने आई है। हालांकि पुलिस ने फिलहाल अपहरण और गोली चलने की घटना की पुष्टि नहीं की है। मिली जानकारी के अनुसार अफसर अली और उसका ममेरा भाई अमीर निजी काम से आदित्यपुर आए थे। इसी दौरान कथित तौर पर एक वाहन से छह-सात नकाबपोश लोग आशियाना चौक पहुंचे। आरोप है कि इन लोगों ने अमीर को कार संख्या JH05CE-5447 से बाहर निकाला और जबरन दूसरी गाड़ी में बैठाकर अपने साथ ले गए। घटना के दौरान हवाई फायरिंग किए जाने का भी दावा किया गया है। सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास की स्थिति का जायजा लेने के साथ प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटाने का प्रयास किया। मौके पर दल-बल के साथ पहुंचे आदित्यपुर थाना के एसआई दीपक ओझा ने बताया कि घटनास्थल से फिलहाल कोई खोखा बरामद नहीं हुआ है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि वास्तव में गोली चली थी या नहीं। इसके साथ ही युवक के अपहरण किए जाने के दावे की भी विभिन्न बिंदुओं से जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि घटना के दौरान वहां मौजूद वाहनों और संदिग्ध लोगों की गतिविधियों का पता लगाया जा सके। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि आशियाना चौक पर वास्तव में अपहरण और फायरिंग की घटना हुई थी या मामला किसी अन्य विवाद से जुड़ा है।