ताज़ा-ख़बर

पानी की तालाश मे भटका हिरण, घायल अवस्था मे चौपारण थाना के समीप पहुंचा, विभाग ने किया सुरक्षित रेस्क्यू

रिपोर्ट: VBN News Desk8 घंटे पहलेझारखण्ड

विभाग ने घायल हिरण का ईलाज कराकर सुरक्षित नेशनल पार्क जंगल में छोड़ा

पानी की तालाश मे भटका हिरण, घायल अवस्था मे चौपारण थाना के समीप पहुंचा, विभाग ने किया सुरक्षित रेस्क्यू

चौपारण(हजारीबाग) : क्षेत्र में पड़ रही भीषण गर्मी का असर अब वन्यजीवों पर भी साफ तौर पर दिखने लगा है। जंगलों में जलस्रोतों के सूखने के कारण जंगली जानवर पानी की तलाश में भटक कर शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों की ओर रुख कर रहे हैं। इसी क्रम में एक हिरण भटकते हुए चौपारण थाना के समीप पहुंच गया, जिससे आसपास के क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

चौपारण पुलिस की सूचना पर वन विभाग स्थल पर पहुंचकर पुलिस के साथ संयुक्त रूप से हिरण को सुरक्षित रेस्क्यू किया। बताया जाता है कि हिरण के पैर में नुकीले तार लग जाने के कारण वह घायल हो गया था, जिससे वह ठीक से चल भी नहीं पा रहा था। रेस्क्यू के बाद हिरण को प्रादेशिक रेंज कार्यालय ले जाया गया, जहां प्रभारी वनपाल संटू कुमार के नेतृत्व में उसकी देखरेख की गई।तत्पश्चात पशु चिकित्सक को बुलाकर घायल हिरण का इलाज कराया गया।

चिकित्सकीय उपचार के बाद जब हिरण की स्थिति सामान्य हुई, तब वन विभाग की टीम ने उसे सुरक्षित रूप से नेशनल पार्क के जंगल में छोड़ दिया। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि भीषण गर्मी और जलस्रोतों के सूखने के कारण वन्यजीव अक्सर आबादी वाले क्षेत्रों की ओर आ जाते हैं।

ऐसे में लोगों से अपील की गई है कि वे घबराएं नहीं और किसी भी वन्यजीव के दिखने पर तुरंत वन विभाग या पुलिस को सूचना दें, ताकि उन्हें सुरक्षित बचाया जा सके। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने वन विभाग और पुलिस की तत्परता की सराहना की है।

इन्हें भी पढ़ें.