बारात से लौट रहा डीजे वाहन बना मौत का जाल, 11 हजार वोल्ट तार की चपेट में आकर युवक की मौत
लोहरदगा के कुडू में हाई वोल्टेज तार से बड़ा हादसा, दो युवक गंभीर रूप से झुलसे

लोहरदगा : जिले के कुडू थाना क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। बड़की चांपी गांव के समीप बारात से लौट रहा डीजे लदा पिकअप वाहन 11 हजार वोल्ट के हाई वोल्टेज बिजली तार की चपेट में आ गया। हादसे में एक युवक की मौके पर मौत हो गई जबकि दो अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और आक्रोश का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार बड़की चांपी गांव से एक बारात लातेहार गई थी। बुधवार को बारात लौटने के दौरान पुलिस पिकेट के समीप घुमावदार मोड़ पर सड़क किनारे नीचे झूल रहा हाई वोल्टेज बिजली तार डीजे वाहन से टकरा गया। तार के संपर्क में आते ही पूरे वाहन में करंट दौड़ गया और वाहन पर सवार युवक उसकी चपेट में आ गए। हादसे में सुमित उरांव, सत्येंद्र उरांव और प्रिंस उरांव गंभीर रूप से झुलस गए। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से तीनों को तत्काल लोहरदगा सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने सुमित उरांव को मृत घोषित कर दिया। वहीं सत्येंद्र उरांव और प्रिंस उरांव का इलाज जारी है। दोनों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग के खिलाफ भारी नाराजगी देखी गई। लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में कई स्थानों पर हाई वोल्टेज बिजली तार काफी नीचे झूल रहे हैं, जिसकी शिकायत पहले भी विभाग से की गई थी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने कहा कि विभागीय लापरवाही के कारण एक युवक की जान चली गई और दो लोग जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जर्जर बिजली व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त करने, नीचे झूल रहे तारों की जांच कराने तथा दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। इस हादसे ने बिजली विभाग की सुरक्षा व्यवस्था और कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।