वार्ड 17 के विकास कार्यों में सक्रिय दिखीं पार्षद नीतू शर्मा, जयप्रकाश उद्यान पथ का किया निरीक्षण
जनसेवा की मिसाल बनीं नीतू शर्मा, जरूरतमंद व्यक्ति को कान की मशीन उपलब्ध कराने में आगे आईं नीतू शर्मा

आदित्यपुर : नगर निगम क्षेत्र की वार्ड संख्या 17 की पार्षद श्रीमती नीतू शर्मा लगातार क्षेत्रीय विकास और जनसेवा को लेकर सक्रिय नजर आ रही हैं। गुरुवार सुबह उन्होंने अपने सहयोगियों और स्थानीय लोगों के साथ नवनिर्मित जयप्रकाश उद्यान पथ का निरीक्षण किया तथा सड़क को और बेहतर एवं सुविधाजनक बनाने को लेकर लोगों के साथ विचार-विमर्श किया। निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण कार्य की सराहना करते हुए कुछ आवश्यक सुझाव भी दिए। इस पर पार्षद नीतू शर्मा ने कहा कि वार्ड के विकास और जनता की सुविधा उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण के साथ-साथ उसकी गुणवत्ता और दीर्घकालिक उपयोगिता सुनिश्चित करने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। वहीं दूसरी ओर जनसेवा की भावना दिखाते हुए पार्षद नीतू शर्मा ने भाजपा नेता दीपक सिंह के अनुरोध पर आदित्यपुर-2 स्थित वार्ड संख्या 34 निवासी चंद्रेश्वर सिंह को कान की मशीन उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण सहयोग किया। कान की मशीन मिलने के बाद परिजनों ने पार्षद के प्रति आभार जताया। नीतू शर्मा ने कहा कि समाज के जरूरतमंद और बुजुर्ग लोगों की सहायता करना उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जनता के सुख-दुख में साथ खड़ा रहना ही जनप्रतिनिधि का असली कर्तव्य होता है। स्थानीय लोगों ने पार्षद की सक्रियता और जनहित कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि वे लगातार क्षेत्र की समस्याओं के समाधान और लोगों की मदद के लिए तत्पर रहती हैं।