वार्ड 17 में गहराया जल संकट, लोगों की समस्या सुनकर सक्रिय हुईं पार्षद नीतू शर्मा
जनता को हर संभव राहत दिलाना प्राथमिकता - जल समस्या समाधान को लेकर नीतू शर्मा का आश्वासन

आदित्यपुर : नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 17 में इन दिनों पेयजल संकट गहराने लगा है जिससे स्थानीय लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर जयप्रकाश उद्यान क्षेत्र के निवासियों ने बढ़ती जल समस्या को लेकर वार्ड पार्षद नीतू शर्मा के साथ बैठक कर जल्द समाधान की मांग उठाई। बैठक के दौरान स्थानीय लोगों ने बताया कि गर्मी बढ़ने के साथ क्षेत्र में पानी की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। हालांकि नगर निगम द्वारा जलापूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं लेकिन कई इलाकों में अब भी लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है। लोगों ने सुझाव दिया कि यदि नगर निगम क्षमता के अनुसार शुल्क लेकर भी अतिरिक्त जलापूर्ति की व्यवस्था करे तो आम लोगों को काफी राहत मिल सकती है। स्थानीय नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए वार्ड पार्षद नीतू शर्मा ने भरोसा दिलाया कि जनता की सुविधा उनकी प्राथमिकता है और जल संकट के समाधान के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पानी की समस्या को लेकर नगर निगम के संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर जल्द प्रभावी पहल की जाएगी। नीतू शर्मा ने कहा कि गर्मी के मौसम में लोगों को पेयजल उपलब्ध कराना बेहद जरूरी है और जनता को राहत दिलाने के लिए हर स्तर पर प्रयास किए जाएंगे। बैठक के बाद स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई कि जल्द ही समस्या का समाधान निकल सकेगा।