ताज़ा-ख़बर

रेलवे हाई टेंशन तार की चपेट में आकर डंपर धू-धू कर जला, चालक ने कूदकर बचाई जान

रिपोर्ट: VBN News Desk2 घंटे पहलेझारखण्ड

माल पहाड़ी रेलवे साइडिंग में बड़ा हादसा टला, पत्थर अनलोडिंग के दौरान लगी भीषण आग

रेलवे हाई टेंशन तार की चपेट में आकर डंपर धू-धू कर जला, चालक ने कूदकर बचाई जान

पाकुड़ : पत्थर औद्योगिक क्षेत्र स्थित माल पहाड़ी रेलवे साइडिंग में सोमवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। पत्थर अनलोडिंग के दौरान एक डंपर रेलवे लाइन के ऊपर गुजर रहे हाई टेंशन तार की चपेट में आ गया जिससे वाहन में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते पूरा डंपर आग की लपटों में घिर गया और पूरी तरह जलकर खाक हो गया। हालांकि चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रेलवे साइडिंग में डंपर से पत्थर उतारने का कार्य चल रहा था। इसी दौरान चालक ने डंपर का पिछला डाला ऊपर उठाया जो रेलवे विभाग के हाई टेंशन बिजली तार के संपर्क में आ गया। संपर्क होते ही तेज चिंगारी निकली और डंपर में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरा वाहन धू-धू कर जलने लगा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद मजदूर और कर्मचारी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। सूचना मिलने के बाद अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास किया लेकिन तब तक डंपर पूरी तरह जल चुका था। स्थानीय लोगों ने बताया कि माल पहाड़ी रेलवे साइडिंग से प्रतिदिन बड़ी मात्रा में पत्थरों की ढुलाई की जाती है। डंपरों के माध्यम से पत्थर लाकर मालगाड़ियों में लोड किया जाता है जहां से इन्हें देश के विभिन्न हिस्सों में भेजा जाता है। ऐसे में सुरक्षा मानकों का पालन नहीं होने पर बड़े हादसे की आशंका हमेशा बनी रहती है। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।

इन्हें भी पढ़ें.