ताज़ा-ख़बर

16वें वित्त आयोग की एडवाइजरी से पंचायत प्रतिनिधि हुए अवगत

रिपोर्ट: VBN News Desk1 घंटे पहलेझारखण्ड

सूचना भवन में एक दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम, ठोस कचरा प्रबंधन पर भी दिया गया जोर

16वें वित्त आयोग की एडवाइजरी से पंचायत प्रतिनिधि हुए अवगत

पाकुड़। पंचायती राज संस्थाओं को 16वें वित्त आयोग के प्रावधानों एवं एडवाइजरी की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बुधवार को सूचना भवन स्थित सभागार में एक दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला परिषद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सभी सदस्य, उप विकास आयुक्त सह मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी जिला परिषद, पाकुड़ तथा जिले के सभी प्रखंड प्रमुख शामिल हुए।

कार्यक्रम के प्रथम सत्र में प्रभारी जिला परियोजना प्रबंधक, ई-पंचायत आनंद प्रकाश ने 16वें वित्त आयोग की एडवाइजरी के विभिन्न प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने वित्तीय संसाधनों के पारदर्शी एवं प्रभावी उपयोग, स्थानीय जरूरतों के अनुरूप योजनाओं के चयन, वित्तीय अनुशासन, योजना क्रियान्वयन एवं निगरानी से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर प्रकाश डाला।

उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से वित्त आयोग के दिशा-निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने तथा उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग जनहितकारी एवं परिणामोन्मुख योजनाओं के क्रियान्वयन में करने का अनुरोध किया।

पंचायतों में ठोस कचरा प्रबंधन पर जोर

कार्यक्रम के दूसरे सत्र में जिला समन्वयक सुमन मिश्रा ने ठोस कचरा प्रबंधन को लेकर पंचायत प्रतिनिधियों को विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने पंचायत स्तर पर कचरे का स्रोत पर ही पृथक्करण, संग्रहण, परिवहन, प्रसंस्करण एवं उचित निस्तारण सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ पंचायतों के निर्माण के लिए जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ आम लोगों की सक्रिय भागीदारी भी बेहद जरूरी है।

जनप्रतिनिधियों ने रखी अपनी जिज्ञासाएं

कार्यक्रम के दौरान पंचायत प्रतिनिधियों ने 16वें वित्त आयोग तथा ठोस कचरा प्रबंधन से जुड़े विभिन्न विषयों पर सवाल एवं जिज्ञासाएं रखीं। संबंधित अधिकारियों ने उनकी जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पंचायत स्तर पर वित्तीय पारदर्शिता, जवाबदेही, बेहतर योजना प्रबंधन तथा स्वच्छ एवं सुदृढ़ पंचायत व्यवस्था को बढ़ावा देना रहा। इस दौरान जनप्रतिनिधियों से 16वें वित्त आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप योजनाओं का प्रभावी एवं पारदर्शी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने की अपील की गई।

इन्हें भी पढ़ें.