नगरपालिका चुनाव-2026 को लेकर आदित्यपुर में फ्लैग मार्च, सुरक्षा का सख्त संदेश
थाना प्रभारी बिनोद तिर्की बोले: निर्भीक और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करना हमारी जिम्मेदारी

आदित्यपुर : नगरपालिका (आम) निर्वाचन-2026 को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला गया। इस दौरान पुलिस निरीक्षक सह आदित्यपुर थाना प्रभारी बिनोद तिर्की के नेतृत्व में थाना के पदाधिकारी, जवान एवं सशस्त्र बल के सदस्य शामिल हुए। फ्लैग मार्च विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों से होकर गुजरा जहां पुलिस बल ने आम नागरिकों को सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने का संदेश दिया। थाना प्रभारी बिनोद तिर्की ने कहा कि नगरपालिका चुनाव को निर्भीक, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराना हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है। किसी भी प्रकार की अफवाह या अवैध गतिविधि पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे चुनाव प्रक्रिया में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।