नगरपालिका चुनाव-2026 को लेकर कपाली में फ्लैग मार्च, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद
चांडिल सर्किल इंस्पेक्टर राजेश सिंह बोले: निर्भीक व निष्पक्ष मतदान हमारी प्राथमिकता

कपाली : नगरपालिका (आम) निर्वाचन-2026 को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से कपाली नगर परिषद क्षेत्र में व्यापक फ्लैग मार्च निकाला गया। इस दौरान चांडिल सर्किल इंस्पेक्टर राजेश सिंह, कपाली ओपी प्रभारी धिरंजन कुमार, इंडियन रिजर्व बटालियन के अधिकारी एवं जवान तथा ओपी सशस्त्र बल के सदस्य शामिल रहे। फ्लैग मार्च के माध्यम से पुलिस प्रशासन ने मतदाताओं को सुरक्षा का संदेश दिया। राजेश सिंह ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को निर्भीक, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ओपी प्रभारी धिरंजन कुमार ने आम जनता से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि अफवाहों से दूर रहें और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है।