वार्ड 23 में प्रवीण सिंह के समर्थन में विशाल पदयात्रा, गूंजे बदलाव के नारे
नगर निगम कार्यालय यहीं, फिर भी सुविधाओं का अभाव, जनता से वादे निभाने का भरोसा

आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर नगर निगम अंतर्गत वार्ड 23 से प्रत्याशी प्रवीण सिंह के समर्थन में शनिवार को विशाल पदयात्रा निकाली गई। 23 फरवरी को होने वाले मतदान से पहले वार्डवासियों ने भारी मतों से विजयी बनाने का भरोसा दिलाया। पहली बार चुनावी मैदान में उतरे प्रवीण सिंह ने जनसंपर्क अभियान के दौरान वार्ड की जमीनी समस्याओं को प्रमुख मुद्दा बनाया। उन्होंने कहा कि वार्ड 23 में नगर निगम कार्यालय स्थित होने के बावजूद सड़क, नाली, सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाओं का अभाव है जो चिंता का विषय है। पदयात्रा में बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और युवा शामिल हुए। प्रवीण सिंह ने भरोसा जताया कि जनता ने मौका दिया तो हर वादा पूरा होगा जरूरत पड़ी तो संघर्ष से भी पीछे नहीं हटेंगे। अब देखना यह होगा कि वार्ड 23 की जनता इस बार बदलाव के पक्ष में फैसला करती है या नहीं।