राजद में अनुशासनहीनता पर सख्ती, मंजू शाह के खिलाफ कार्रवाई की अनुशंसा
पार्टी निर्देशों की अवहेलना भारी पड़ी, संगठन ने कहा: अनुशासन से समझौता नहीं

जमशेदपुर : राष्ट्रीय जनता दल की पूर्वी सिंहभूम जिला इकाई ने पार्टी अनुशासन के उल्लंघन के मामले को गंभीरता से लेते हुए सख्त रुख अपनाया है। जिला अध्यक्ष शम्भूनाथ चौधरी ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि संगठनात्मक मर्यादा को बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। विज्ञप्ति के अनुसार नगर अध्यक्ष ने स्वयं उपस्थित होकर अपने कृत्य पर स्पष्टीकरण दिया और कोल्हान प्रमंडल प्रभारी की उपस्थिति में पार्टी के अधिकृत समर्थित उम्मीदवार जेवा खान को समर्थन देकर प्रतिबद्धता जताई। हालांकि प्रदेश उपाध्यक्ष मंजू शाह और युवा जिला अध्यक्ष कमलेश यादव पर पार्टी के आधिकारिक आदेशों एवं निर्देशों की अवहेलना का आरोप लगा है। जिला इकाई ने इनके विरुद्ध पार्टी संविधान के तहत अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा की है। कोल्हान प्रमंडल प्रभारी ने स्पष्ट किया कि पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त किसी भी पदाधिकारी पर कठोर कार्रवाई होगी। जिला इकाई ने दोहराया कि संगठनात्मक एकता और अनुशासन सर्वोपरि है तथा पार्टी निर्णयों का पालन हर हाल में सुनिश्चित किया जाएगा।