वार्ड 17 में नीतू शर्मा के समर्थन में विशाल पदयात्रा, समर्थकों ने दोबारा जीत का किया दावा
जनता का प्यार सबसे बड़ी सौगात, चिलचिलाती धूप में उमड़ा जनसैलाब

आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर नगर निगम अंतर्गत वार्ड 17 में शनिवार को पार्षद प्रत्याशी नीतू शर्मा के समर्थन में विशाल पदयात्रा निकाली गई। 23 फरवरी को होने वाले चुनाव से पहले समर्थकों ने गली-चौक से गुजरते हुए जोरदार नारेबाजी की और भारी मतों से पुनः विजयी बनाने का भरोसा दिलाया। चिलचिलाती धूप के बावजूद सैकड़ों महिला, पुरुष और युवा मतदाता पूरे उत्साह के साथ पदयात्रा में शामिल रहे। जुलूस वार्ड के विभिन्न इलाकों से होते हुए प्रत्याशी के आवास तक पहुंचा। नीतू शर्मा ने इसे जनता का स्नेह बताते हुए कहा कि पिछले पांच वर्षों में तन-मन से सेवा की है। अधिकांश वादे पूरे हुए हैं शेष कार्य भी जल्द पूरा करेंगे। उन्होंने वार्ड 17 को आदर्श वार्ड बनाने का संकल्प दोहराते हुए एक और अवसर देने की अपील की। लगातार दूसरी बार चुनाव मैदान में उतरीं नीतू शर्मा के समर्थन में उमड़ी भीड़ का मतदान पर कितना असर पड़ेगा, यह नतीजों में स्पष्ट होगा।