ताज़ा-ख़बर

बड़कागांव में भक्ति और आस्था का महासंगम, भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा में उमड़ा जनसैलाब

रिपोर्ट: VBN News Desk4 घंटे पहलेझारखण्ड

जय जगन्नाथ के जयघोष से गूंजा बड़कागांव, रथ खींचने को उमड़े हजारों श्रद्धालु, सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद

बड़कागांव में भक्ति और आस्था का महासंगम, भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा में उमड़ा जनसैलाब

रिपोर्ट : अजय कुमार

बड़कागांव : हजारीबाग जिले के बड़कागांव में भगवान श्रीजगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा श्रद्धा, आस्था और उत्साह के बीच संपन्न हुई। राम जानकी मंदिर परिसर से निकली भगवान जगन्नाथ, बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा की रथ यात्रा में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया। जय जगन्नाथ के गगनभेदी जयघोष, शंखध्वनि और भक्ति गीतों से पूरा नगर गुंजायमान रहा। रथ यात्रा के दौरान भगवान के दर्शन और रथ खींचने के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। सुबह से ही श्रद्धालु राम जानकी मंदिर पहुंचने लगे थे। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। श्रद्धालुओं ने अपने परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना करते हुए भगवान का आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर परिसर में भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं और पूरे दिन धार्मिक माहौल बना रहा। रथ यात्रा के अवसर पर विशाल मेले का भी आयोजन किया गया जहां दूर-दराज से आए दुकानदारों ने मिठाइयों, खिलौनों, पूजा सामग्री और अन्य घरेलू वस्तुओं की दुकानें सजाईं। स्थानीय मान्यता के अनुसार रथ यात्रा के दिन मिठाई खरीदकर घर ले जाना शुभ माना जाता है जिसके कारण मिठाई की दुकानों पर पूरे दिन लोगों की भीड़ लगी रही। शाम होते ही भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और देवी सुभद्रा को आकर्षक ढंग से सुसज्जित रथ पर विराजमान कर नगर भ्रमण कराया गया। राम जानकी मंदिर से प्रारंभ हुई रथ यात्रा बड़कागांव मुख्य चौक, दैनिक बाजार, कुशवाहा मोहल्ला और सूर्य मंदिर होते हुए हजारीबाग रोड स्थित रेंज ऑफिस प्रेम नगर मौसीबाड़ी पहुंची। पूरे मार्ग में श्रद्धालु पुष्पवर्षा कर भगवान का स्वागत करते रहे और रथ की रस्सी पकड़ने के लिए विशेष उत्साह दिखाई दिया। मौसीबाड़ी पहुंचने पर भगवान की आरती उतारी गई तथा वैदिक विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर उनका स्वागत किया गया। धार्मिक परंपरा के अनुसार भगवान जगन्नाथ अब नौ दिनों तक मौसीबाड़ी में विराजमान रहेंगे, जहां प्रतिदिन श्रद्धालु दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। रथ यात्रा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए बड़कागांव थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह स्वयं लगातार पूरे मार्ग का निरीक्षण करते रहे। उनके नेतृत्व में मंदिर परिसर, मेला क्षेत्र और रथ यात्रा मार्ग पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। पुलिस की सतर्कता के कारण पूरा आयोजन शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा। इस अवसर पर बड़कागांव की पूर्व विधायक अंबा प्रसाद भी रथ यात्रा में शामिल हुईं। उन्होंने भगवान जगन्नाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया, श्रद्धालुओं के साथ रथ की रस्सी खींची तथा क्षेत्रवासियों को रथ यात्रा की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा सामाजिक समरसता, भाईचारे और मानवता का संदेश देती है। आयोजन को सफल बनाने में पुरोहित सतीश चंद्र मिश्रा, सिविल सोसाइटी के प्रखंड अध्यक्ष मनोज गुप्ता, पुजारी चिंतामणि महतो, पिंटू गुप्ता, पवन कुमार, बुधन महतो, कृष्णा प्रजापति, कीर्तन महतो, संजय कुमार, दर्शन प्रसाद कुशवाहा, सतनारायण महतो, भुनेश्वर महतो, किशोर कुमार, संतोष ठाकुर, बंधन महतो, जगन्नाथ महतो, रविंद्र श्रीवास्तव, पदुम महतो, कोलेश्वर महतो सहित आयोजन समिति के सदस्यों और सैकड़ों श्रद्धालुओं की सक्रिय भूमिका रही। पूरे आयोजन ने बड़कागांव में धार्मिक आस्था और सामाजिक एकता का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया।

इन्हें भी पढ़ें.