शिव-हनुमान मंदिर के 12वें स्थापना दिवस पर निकली भव्य कलश यात्रा, भक्तिमय माहौल में गूंजे हर-हर महादेव के जयघोष
रविवार को होगा रुद्राभिषेक, अखंड हरिकीर्तन और पूर्णाहुति के साथ महाप्रसाद वितरण

गम्हरिया : जमालपुर स्थित अमृतनगर के शिव-हनुमान मंदिर के 12वें स्थापना दिवस के अवसर पर शनिवार को श्रद्धा, आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में दोमुहानी संगम से सैकड़ों महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं ने पवित्र जल से भरे कलश लेकर भव्य कलश यात्रा निकाली। यात्रा के दौरान श्रद्धालु भगवान शिव के जयघोष, भजन-कीर्तन और धार्मिक नारों के साथ पूरे उत्साह से आगे बढ़ते रहे जिससे क्षेत्र का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया। कलश यात्रा मंदिर परिसर पहुंचने के बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से पूजा-अर्चना का शुभारंभ किया गया। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि स्थापना दिवस के अवसर पर मंदिर में अखंड हरिकीर्तन का आयोजन किया गया है। इसके साथ ही रविवार को भगवान शिव का विशेष रुद्राभिषेक संपन्न होगा जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। समिति के अनुसार धार्मिक अनुष्ठानों की पूर्णाहुति के बाद रविवार को महाप्रसाद (भोग) वितरण का आयोजन किया जाएगा। इसमें अमृतनगर सहित आसपास के गांवों के श्रद्धालु बड़ी संख्या में भाग लेकर प्रसाद ग्रहण करेंगे। मंदिर समिति ने बताया कि इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में स्थानीय ग्रामीणों, युवाओं और समिति के सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा एवं व्यवस्थाओं का भी विशेष ध्यान रखा गया। इस अवसर पर फूलन सिंह, अशोक सिंह, काशीनाथ यादव, रामगहन पांडेय, दिनेश सिंह, राकेश कुमार, मुद्रिका चौधरी, बुलेट सिंह, किशन दुबे, मिथलेश शर्मा, धनंजय सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे। मंदिर परिसर में दिनभर भक्ति, श्रद्धा और उत्साह का माहौल बना रहा।