21 जून को साकची गुरुद्वारा में सजेगा भव्य कीर्तन दरबार, गुरुवाणी की रसधारा में निहाल होगी संगत
रागी बीबी जसप्रीत कौर पटियाला वाले और भाई गुरविंदर सिंह गाफिल करेंगे कीर्तन, तैयारियां पूरी

जमशेदपुर : सिखों के पांचवें गुरु, शहीदों के सरताज श्री गुरु अर्जुन देव जी महाराज एवं अन्य अमर शहीदों की पावन शहादत को समर्पित एक भव्य कीर्तन दरबार का आयोजन आगामी 21 जून, रविवार को गुरुद्वारा साहिब साकची में किया जाएगा। धार्मिक समागम में देश के सुविख्यात रागी जत्थे गुरुवाणी की अमृतमयी रसधारा प्रवाहित करेंगे जिससे संगत आध्यात्मिक आनंद का अनुभव करेगी। गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी, साकची के प्रधान सरदार निशान सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम का आयोजन शाम 7 बजे से 10 बजे तक किया जाएगा। समागम की शुरुआत शाम 6:30 बजे से 7 बजे तक श्री रहरास साहिब के पाठ से होगी जिसके बाद विभिन्न रागी जत्थों द्वारा गुरुबाणी कीर्तन प्रस्तुत किया जाएगा। इस विशेष धार्मिक आयोजन में सुविख्यात रागी बीबी जसप्रीत कौर (पटियाला वाले), भाई गुरविंदर सिंह गाफिल (दिल्ली वाले) तथा गुरुद्वारा साहिब साकची के हजूरी रागी भाई नारायण सिंह अपनी मधुर वाणी से संगत को निहाल करेंगे। श्रद्धालु गुरुवाणी के अमृतमय शब्दों का रसपान कर गुरु साहिब की शिक्षाओं से जुड़ सकेंगे। प्रधान सरदार निशान सिंह ने कहा कि गुरु साहिबानों की शिक्षाएं आज भी समाज को सही दिशा प्रदान करती हैं। उन्होंने संगत से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर गुरुबाणी से जुड़ने का आह्वान किया। वहीं महासचिव परमजीत सिंह काले ने बताया कि शहर एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। संगत के बैठने, लंगर एवं अन्य सुविधाओं की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम के समापन पर गुरु का अटूट लंगर वितरित किया जाएगा। इस अवसर पर जारी पोस्टर विमोचन कार्यक्रम में ट्रस्टी रविंदर सिंह, अजायब सिंह, त्रिलोचन सिंह तोची, जितेंद्र सिंह राजा, बलदेव सिंह बब्बू, हन्नी सिंह, तरसेम सिंह एवं सतबीर सिंह गोल्डू सहित अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।