रेलवे फाटक बंद होने के बावजूद हाइवा ने मारी टक्कर, बड़ा हादसा टला
बालू ढुलाई के दौरान तिरूलडीह स्टेशन पर बड़ा हादसा, ट्रेन आने के समय मची अफरा-तफरी

तिरूलडीह : सरायकेला-खरसावां जिले के तिरूलडीह थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम करीब चार बजे एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। सुवर्णरेखा नदी से अवैध बालू खनन और ढुलाई में लगे एक बालू लदे हाइवा ने तिरूलडीह रेलवे स्टेशन के रेलवे फाटक को जोरदार टक्कर मार दी। घटना के समय रेलवे फाटक बंद था और ट्रेन आने का समय हो रहा था। मिली जानकारी के अनुसार हाइवा की टक्कर से रेलवे फाटक का बूम टूटकर कई मीटर तक घसीटता चला गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि इस घटना में कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ और न ही किसी के हताहत होने की सूचना है। बताया जाता है कि तिरूलडीह रेलवे स्टेशन दक्षिण पूर्वी रेलवे के मुरी डिविजन के अंतर्गत आता है। जिस समय हाइवा ने रेलवे फाटक को टक्कर मारी, उस समय ट्रेन के गुजरने का समय था। ऐसे में यदि ट्रेन के आवागमन के दौरान यह घटना होती तो गंभीर दुर्घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता था। स्थानीय लोगों के अनुसार सुवर्णरेखा नदी से अवैध बालू खनन और परिवहन का काम लगातार जारी है। बालू लदे भारी वाहनों की आवाजाही से क्षेत्र में दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। लोगों ने इस पर प्रभावी रोक लगाने की जरूरत जताई है। घटना के बाद अब रेलवे पुलिस की कार्रवाई पर नजर है। यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि रेलवे फाटक को क्षतिग्रस्त करने वाले हाइवा चालक और वाहन के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है। साथ ही अवैध बालू खनन एवं परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए संबंधित विभाग क्या कदम उठाते हैं।