श्रावणी मेले में श्रद्धालुओं को बड़ी सौगात, महादेवशाल स्टेशन पर 22 जोड़ी ट्रेनों का अस्थायी ठहराव
30 जुलाई से 28 अगस्त तक महादेवशाल रेलवे स्टेशन पर रुकेंगी एक्सप्रेस और मेमू ट्रेनें, यात्रा होगी आसान

चक्रधरपुर : श्रावणी मेला-2026 के दौरान महादेवशाल मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल ने महादेवशाल (एमएक्सडब्ल्यू) रेलवे स्टेशन पर 22 जोड़ी यात्री ट्रेनों के अस्थायी ठहराव की व्यवस्था की है। सक्षम प्राधिकारी की स्वीकृति के बाद लिया गया यह निर्णय 30 जुलाई से 28 अगस्त 2026 तक प्रभावी रहेगा। दक्षिण पूर्व रेलवे द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार इस अवधि में चयनित एक्सप्रेस एवं मेमू ट्रेनों का महादेवशाल स्टेशन पर दो-दो मिनट का अस्थायी ठहराव होगा। इससे श्रावणी मेले के दौरान बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को प्रसिद्ध महादेवशाल मंदिर तक पहुंचने में काफी सुविधा मिलेगी। रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी-सह-वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक ने बताया कि जिन प्रमुख ट्रेनों को अस्थायी ठहराव दिया गया है उनमें बीएमपीआर-राउरकेला साप्ताहिक एक्सप्रेस, दानापुर-दुर्ग एक्सप्रेस, हावड़ा-टिटलागढ़ इस्पात एक्सप्रेस, हावड़ा-कांताबांजी इस्पात एक्सप्रेस, पुरी-योगनगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस, संबलेश्वरी एक्सप्रेस, टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस, टाटानगर-इतवारी एक्सप्रेस, टाटानगर-बिलासपुर एक्सप्रेस, चक्रधरपुर-राउरकेला सरंडा मेमू तथा टाटानगर-राउरकेला मेमू सहित कुल 22 जोड़ी ट्रेनें शामिल हैं। रेलवे प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान वैध टिकट लेकर ही सफर करें तथा रेलवे कर्मचारियों के निर्देशों का पालन करते हुए सुरक्षित एवं सुगम यात्रा में सहयोग करें। रेलवे के इस निर्णय से श्रावणी मेले के दौरान महादेवशाल आने वाले हजारों श्रद्धालुओं को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।