डीजे के पैसे के विवाद में रिश्तेदार की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
गिरिडीह के तिसरी प्रखंड स्थित कुंडी गांव में मामूली विवाद बना खूनी संघर्ष; सिर पर वार से व्यक्ति की मौत, पुलिस ने आरोपी को मौके से दबोचा।

तिसरी (गिरिडीह)। तिसरी प्रखंड के लोकाय थाना क्षेत्र अंतर्गत मनसाडीह ओपी के सुदूरवर्ती कुंडी गांव में डीजे के पैसे के विवाद में एक व्यक्ति की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक की पहचान जागेश्वर भुला के रूप में हुई है, जबकि हत्या का आरोप उसके रिश्तेदार रामा खेरवार पर लगा है। पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, वर्ष 2020 में जागेश्वर भुला ने अपने बेटे के साढ़ू के बेटे का विवाह कराया था। उस दौरान रामा खेरवार ने अपने खर्च पर डीजे की व्यवस्था की थी और कहा था कि भविष्य में उसके यहां विवाह होने पर भी इसी तरह डीजे की व्यवस्था की जाएगी। बाद में इसी बात को लेकर दोनों के बीच पैसों के लेन-देन का विवाद शुरू हो गया।
बताया जाता है कि सोमवार शाम दोनों के बीच इस मुद्दे पर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। इसी दौरान रामा खेरवार ने किसी भारी वस्तु से जागेश्वर भुला के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से जागेश्वर भुला की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही मनसाडीह ओपी प्रभारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा आरोपी रामा खेरवार को घटनास्थल से ही गिरफ्तार कर लिया।
खोरीमहुआ के एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार ने बताया कि कुंडी गांव में आपसी विवाद के दौरान एक व्यक्ति की मौत हुई है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।