आदित्यपुर इंडस्ट्रियल एरिया की डंपिंग साइट में भीषण आग, जहरीले धुएं से औद्योगिक क्षेत्र प्रभावित
सिटी सेंटर के लिए चिन्हित जमीन पर कचरा डंपिंग बना खतरा, श्रमिकों में बीमारी और पलायन की स्थिति

सरायकेला: आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र स्थित सिटी सेंटर के लिए चिन्हित जमीन पर पिछले दो वर्षों से नगर निगम द्वारा शहर का ठोस कचरा डंप किया जा रहा है। अब इसी डंपिंग साइट में लगी आग ने विकराल रूप ले लिया है, जिससे पूरे औद्योगिक और आसपास के रिहायशी इलाकों में जहरीला धुआं फैल रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार मिश्रित ठोस अपशिष्ट (जिसमें प्लास्टिक, रबर, केमिकल अवशेष और जैविक कचरा शामिल होता है) में आग लगने पर कार्बन मोनोऑक्साइड, सल्फर डाइऑक्साइड और डाइऑक्सिन जैसे खतरनाक तत्व निकलते हैं। ये गैसें श्वसन तंत्र पर गंभीर असर डालती हैं और लंबे समय तक संपर्क में रहने से फेफड़ों की बीमारी, एलर्जी और दमा जैसी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। स्थानीय फैक्ट्री मालिकों और मजदूरों का कहना है कि लगातार उठते धुएं से उत्पादन प्रभावित हो रहा है। कई श्रमिक बीमार पड़ रहे हैं और कुछ ने क्षेत्र छोड़ना भी शुरू कर दिया है। आरोप है कि दमकल की गाड़ियां पानी का छिड़काव तो कर रही हैं लेकिन आग पर स्थायी नियंत्रण के लिए वैज्ञानिक उपाय जैसे कचरे की परतों को अलग करना, मिट्टी से ढंकना और गैस वेंटिंग नहीं अपनाए जा रहे। उद्यमियों ने संबंधित विभागों से कई बार शिकायत की है पर अब तक ठोस समाधान नहीं निकला। समय रहते समुचित ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और फायर कंट्रोल योजना लागू नहीं की गई तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।