85 यूनिट रक्तदान के साथ मानव सेवा का संदेश, सालुजा स्टील एंड पावर और रोटरी क्लब ने किया 150 पौधों का वृक्षारोपण
रक्तदान और पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संगम, सालुजा समूह के सामाजिक सरोकार ने जीता लोगों का दिल

गिरिडीह : सामाजिक उत्तरदायित्व, मानव सेवा और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को साकार करते हुए सालुजा स्टील एंड पावर प्रा. लि. के मुख्यालय में शुक्रवार को रोटरी क्लब, गिरिडीह के सहयोग से भव्य स्वैच्छिक रक्तदान शिविर एवं वृक्षारोपण अभियान का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सालुजा ग्रुप के चेयरमैन अमरजीत सिंह सालुजा ने कंपनी के निदेशक तरणजीत सिंह सालुजा तथा रोटरी क्लब, गिरिडीह के पदाधिकारियों एवं सदस्यों की उपस्थिति में किया। इस अवसर पर चेयरमैन अमरजीत सिंह सालुजा ने कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। किसी जरूरतमंद को नया जीवन देने से बड़ा कोई पुण्य नहीं हो सकता। सालुजा समूह भविष्य में भी जनहित और मानव कल्याण के ऐसे कार्यों के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहेगा। उनके संबोधन ने उपस्थित रक्तदाताओं और कर्मचारियों में सेवा भावना का नया उत्साह भर दिया। रक्तदान शिविर में कंपनी के कर्मचारियों एवं रोटरी क्लब के सदस्यों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शिविर के दौरान कुल 85 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया, जो जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायी साबित होगा। रोटरी क्लब, गिरिडीह के अध्यक्ष रोटेरियन सिद्धार्थ जैन एवं सचिव रोटेरियन बलविंदर सिंह सालुजा ने सभी रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डाला और इसे समाज सेवा का सबसे बड़ा माध्यम बताया। कार्यक्रम में मुफस्सिल थाना के थाना प्रभारी श्याम कुमार एवं संजय भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाते हुए इस प्रकार के सामाजिक आयोजनों को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया। शिविर की सफलता में रोटेरियन सिद्धार्थ जैन, आशिका जैन, तरणजीत सिंह सालुजा, गुरप्रीत कौर, रश्मि कालरा सालुजा, बलविंदर सिंह सालुजा, हरिंदर सिंह मोंगिया, गुरविंदर सिंह सालुजा, सत्यदीप सिंह, राखी कोहली, सुरप्रीत सिंह सालुजा, वैभव शाहबादी, जोरावर सिंह सालुजा, रमनप्रीत कौर, गीत कौर सालुजा, अंकित जैन तथा समीर सरावगी सहित सभी सदस्यों की सक्रिय भूमिका सराहनीय रही। रक्तदान शिविर के उपरांत पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए रोटरी क्लब एवं सालुजा स्टील एंड पावर के प्रतिनिधियों ने लगभग 150 सागवान (टीक) के पौधे लगाए। तेज बारिश के बावजूद सभी सदस्यों ने पूरे उत्साह के साथ वृक्षारोपण अभियान में भाग लिया। यह आयोजन मानव सेवा, सामाजिक सहभागिता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति सालुजा स्टील एंड पावर प्रा. लि. एवं रोटरी क्लब, गिरिडीह की साझा प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सामने आया।