ताज़ा-ख़बर

गोविंदपुर फुटबॉल टूर्नामेंट में खेल प्रतिभाओं का सम्मान, कृष्णा बास्के और के.पी. सोरेन ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

रिपोर्ट: MANISH 5 घंटे पहलेझारखण्ड

ग्रामीण खेलों को मिलेगी नई पहचान, पाण्डुगीति फुटबॉल प्रतियोगिता में उमड़ा खेल प्रेमियों का जनसैलाब

गोविंदपुर फुटबॉल टूर्नामेंट में खेल प्रतिभाओं का सम्मान, कृष्णा बास्के और के.पी. सोरेन ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

सरायकेला-खरसावां : राजनगर प्रखंड अंतर्गत गोविंदपुर स्थित पाण्डुगीति मैदान में खेरबार खेलोन्ड माडवा, पाण्डुगीति के तत्वावधान में फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में आसपास के कई गांवों की टीमों ने भाग लेकर खेल प्रतिभा और खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया। समापन समारोह में झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय सदस्य कृष्णा बास्के एवं वरिष्ठ नेता सह शिक्षाविद के.पी. सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और विजेता व उपविजेता टीमों को संयुक्त रूप से पुरस्कार प्रदान कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर के.पी. सोरेन ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतियोगिताएं युवाओं की प्रतिभा को निखारने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं बल्कि अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आपसी भाईचारे और स्वस्थ समाज निर्माण का आधार है। उन्होंने युवाओं से नशे और सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर खेल एवं शिक्षा को जीवन का लक्ष्य बनाने का आह्वान किया। उन्होंने आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन लगातार होने चाहिए ताकि ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिल सके। वहीं कृष्णा बास्के ने कहा कि गांवों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत केवल उन्हें उचित मंच और प्रोत्साहन देने की है। उन्होंने कहा कि खेल से शारीरिक और मानसिक विकास होता है तथा युवाओं में सकारात्मक सोच विकसित होती है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा और ऐसे आयोजनों को प्रोत्साहित करने का प्रयास जारी रहेगा। प्रतियोगिता के दौरान बड़ी संख्या में खेल प्रेमियों, ग्रामीणों और युवाओं की उपस्थिति रही। पूरे आयोजन में खिलाड़ियों ने खेल भावना का परिचय देते हुए रोमांचक मुकाबले खेले। अंत में आयोजकों ने मुख्य अतिथियों सहित सभी खिलाड़ियों, अतिथियों और दर्शकों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इस तरह की प्रतियोगिताओं के नियमित आयोजन का संकल्प लिया।

इन्हें भी पढ़ें.