तालाब में डूबने से मां और दो मासूम बेटियों की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम
एक को बचाने उतरी मां और बहन भी बनीं हादसे का शिकार, मौके पर देर से पहुंची प्रशासनिक मदद पर ग्रामीणों में आक्रोश

चतरा : जिले के सदर प्रखंड अंतर्गत भोज्या गांव स्थित बड़का आहर में रविवार को एक हृदयविदारक हादसे में मां समेत उसकी दो मासूम बेटियों की डूबने से मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार खीरू यादव की पत्नी परवा देवी अपनी दो बेटियों गीता कुमारी (8 वर्ष) और मालती कुमारी (6 वर्ष) के साथ तालाब पर कपड़े धोने गई थीं। इसी दौरान अचानक एक बच्ची का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चली गई। बच्ची को डूबता देख मां परवा देवी उसे बचाने के लिए तालाब में कूद गईं। वहीं दूसरी बेटी भी अपनी बहन को बचाने के प्रयास में पानी में उतर गई। लेकिन तालाब की अधिक गहराई और फिसलन के कारण तीनों पानी में डूब गईं और बाहर नहीं निकल सकीं। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद तीनों को बाहर निकाला गया लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया है। ग्रामीणों का आरोप है कि घटना की सूचना देने के बावजूद काफी देर तक न तो पुलिस और न ही प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची जिससे लोगों में आक्रोश व्याप्त है। बताया जा रहा है कि तीनों शव लंबे समय तक घटनास्थल पर ही पड़े रहे जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी और बढ़ गई। फिलहाल गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। परिजन गहरे सदमे में हैं और पूरे क्षेत्र में इस घटना को लेकर शोक की लहर है।