ताज़ा-ख़बर

लावागाड़ा में तेंदू पत्ता लदा पिकअप वाहन जब्त, वन विभाग की कार्रवाई से मचा हड़कंप

रिपोर्ट: अकरम 1 घंटे पहलेझारखण्ड

तेंदू पत्ता परिवहन की वैधता की जांच शुरू, गड़बड़ी मिलने पर होगी कड़ी कानूनी कार्रवाई

लावागाड़ा में तेंदू पत्ता लदा पिकअप वाहन जब्त, वन विभाग की कार्रवाई से मचा हड़कंप

बरवाडीह, लातेहार : जिले के मनिका वन प्रक्षेत्र अंतर्गत बड़काडीह पंचायत के लावागाड़ा क्षेत्र में शनिवार को वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तेंदू पत्ता लदे एक पिकअप वाहन को जब्त किया। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में तेंदू पत्ता कारोबार से जुड़े लोगों के बीच हलचल तेज हो गई है। जब्त वाहन को वन विभाग ने अपने कब्जे में लेकर वन कार्यालय परिसर में सुरक्षित रखा है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार वन विभाग को सूचना मिली थी कि क्षेत्र से तेंदू पत्ता का परिवहन किया जा रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद विभागीय टीम ने कार्रवाई करते हुए वाहन संख्या जेएच03एपी-6711 को रोककर जांच की। वाहन में बड़ी मात्रा में तेंदू पत्ता लदा हुआ पाया गया जिसके बाद उसे जब्त कर लिया गया। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल यह जांच की जा रही है कि वाहन में लदा तेंदू पत्ता वैध अनुमति और आवश्यक दस्तावेजों के साथ परिवहन किया जा रहा था या नहीं। जांच के दौरान परिवहन से जुड़े सभी दस्तावेजों और संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। वन विभाग के कर्मी अजय कुमार पाण्डेय ने बताया कि तेंदू पत्ता सहित अन्य वन उपज के संग्रहण, परिवहन और व्यापार पर विभाग की विशेष नजर रहती है। उन्होंने कहा कि वन संपदा के अवैध दोहन और अवैध कारोबार को रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता या नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ वन अधिनियम एवं अन्य प्रासंगिक प्रावधानों के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। वन विभाग की इस कार्रवाई को क्षेत्र में वन संपदा संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन उपज के अवैध संग्रहण, परिवहन और व्यापार में शामिल लोगों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और विभाग जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगा।

इन्हें भी पढ़ें.