प्रेम प्रसंग को लेकर हाई वोल्टेज ड्रामा, 132 केवी बिजली टावर पर चढ़ी युवती
प्रेमी के पहुंचने के बाद ही मानी युवती, प्रशासन की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

धालभूमगढ़ : पूर्वी सिंहभूम जिले के धालभूमगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत नूतनगढ़ पंचायत के घोसदा गांव के समीप रविवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवती 132 केवी बिजली टावर पर चढ़ गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और एम्बुलेंस की टीम मौके पर पहुंची तथा युवती को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए प्रयास शुरू किया गया। जानकारी के अनुसार युवती घासीडीह टोला की निवासी है। काफी देर तक टावर पर चढ़े रहने के कारण आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई और पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए धालभूमगढ़ थाना प्रभारी धीरज कुमार मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और युवती को समझाने का प्रयास किया लेकिन वह नीचे उतरने के लिए तैयार नहीं हुई। स्थानीय लोगों के मुताबिक मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ है। बताया जाता है कि जिस युवक को लेकर विवाद चल रहा था उसके घटनास्थल पर पहुंचने के बाद स्थिति में बदलाव आया। युवक के पहुंचते ही युवती टावर से नीचे उतरने के लिए राजी हो गई। इसके बाद प्रशासन और स्थानीय लोगों की निगरानी में उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। सूत्रों के अनुसार युवक नूतनगढ़ पंचायत के गोगलो गांव का रहने वाला है। दोनों पहले से विवाहित बताए जा रहे हैं और पिछले लगभग दो वर्षों से उनके बीच प्रेम संबंध होने की चर्चा है। घटना के बाद दोनों को धालभूमगढ़ थाना लाया गया जहां पुलिस ने पूछताछ की और दोनों पक्षों के बीच बातचीत कराई। बताया जा रहा है कि थाना में आपसी सहमति के आधार पर एक बंधपत्र (समझौता पत्र) तैयार किया गया। इस दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी बबली कुमारी और थाना प्रभारी धीरज कुमार मिश्रा भी मौजूद रहे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है तथा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए आगे की कार्रवाई कर रही है। घटना के दौरान प्रशासन की तत्परता और सूझबूझ से एक संभावित बड़ा हादसा टल गया जिसकी पूरे क्षेत्र में चर्चा हो रही है।