ताज़ा-ख़बर

छह वर्षीय मासूम की डंडे से पीटकर हत्या, पिता की हैवानियत से दहल उठा खेड़ियाटांगर गांव

रिपोर्ट: VBN News Desk2 घंटे पहलेअपराध

बेटी की जान लेने के बाद पत्नी और ग्रामीणों पर भी हमला, आक्रोशित लोगों ने आरोपी को पेड़ से बांधा

छह वर्षीय मासूम की डंडे से पीटकर हत्या, पिता की हैवानियत से दहल उठा खेड़ियाटांगर गांव

चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के मंझारी थाना क्षेत्र अंतर्गत तांतनगर ओपी के खेड़ियाटांगर गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शनिवार रात एक पिता ने अपनी ही छह वर्षीय पुत्री की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल व्याप्त है। ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पेड़ से बांध दिया और पुलिस को इसकी सूचना दी। प्राप्त जानकारी के अनुसार खेड़ियाटांगर गांव निवासी लालसिंह पूर्ति ने शनिवार रात अपनी छह वर्षीय पुत्री सोनिया पूर्ति पर अचानक डंडे से हमला कर दिया। उस समय मासूम बच्ची घर में सो रही थी। हमले में गंभीर रूप से घायल सोनिया को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल चाईबासा ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि बेटी पर हमला करने के बाद आरोपी ने अपनी पत्नी पर भी हमला किया तथा आसपास मौजूद लोगों को भी मारने के लिए दौड़ाने लगा। स्थिति बिगड़ती देख ग्रामीणों ने किसी तरह उसे काबू में किया और पेड़ से बांध दिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। टांगर पोखरिया के मुखिया मंगल सिंह पूर्ति ने बताया कि लालसिंह पूर्ति पिछले तीन-चार दिनों से अस्वस्थ था और उसका व्यवहार भी सामान्य नहीं लग रहा था। घटना के समय वह असामान्य हरकतें कर रहा था तथा लोगों को पहचानने में भी कठिनाई महसूस कर रहा था। मृत बच्ची की मां ने बताया कि आरोपी पिछले कुछ दिनों से ठीक से खाना-पीना नहीं कर रहा था। उसे बुखार था और वह नियमित दवा भी नहीं ले रहा था। घटना से पहले वह अपने आप से बातें कर रहा था और खाना खाने के बाद उल्टी भी की थी। इसके कुछ देर बाद उसने अचानक बेटी पर हमला कर दिया। परिजनों के अनुसार लालसिंह पूर्ति के पांच बच्चे हैं जिनमें एक बेटा और चार बेटियां शामिल हैं। सोनिया पूर्ति परिवार की सबसे छोटी संतान थी। उसकी असमय मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। वहीं गांव में मासूम बच्ची की मौत को लेकर गहरा शोक और आक्रोश व्याप्त है।

इन्हें भी पढ़ें.