ताज़ा-ख़बर

रॉ वाटर सप्लाई, टूटी सड़कें और अधूरी योजना पर बवाल, पुरेंद्र ने नगर आयुक्त को सौंपा मांगपत्र

रिपोर्ट: MANISH 2 घंटे पहलेझारखण्ड

आठ साल बाद भी अधर में 395 करोड़ की जलापूर्ति योजना, जिंदल एजेंसी पर भड़के पुरेन्द्र, नगर आयुक्त ने दी ब्लैकलिस्ट करने की चेतावनी

रॉ वाटर सप्लाई, टूटी सड़कें और अधूरी योजना पर बवाल, पुरेंद्र ने नगर आयुक्त को सौंपा मांगपत्र

आदित्यपुर : करीब 395.15 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन आदित्यपुर बृहद जलापूर्ति योजना आठ वर्ष बाद भी पूरी नहीं होने पर स्थानीय लोगों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। शनिवार को आदित्यपुर-गम्हरिया विकास समिति के अध्यक्ष एवं नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने नगर आयुक्त एजाज अनवर से मुलाकात कर तीन सूत्री मांगपत्र सौंपा। समिति ने चेतावनी दी कि यदि 22 जुलाई तक आदित्यपुर-2 क्षेत्र में नियमित स्वच्छ जलापूर्ति शुरू नहीं हुई तो आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी। समिति ने आरोप लगाया कि 4 दिसंबर 2018 को शुरू हुई योजना 3 दिसंबर 2021 तक पूरी होनी थी लेकिन कई बार समय सीमा बढ़ने के बावजूद कार्य अधूरा है। हाल ही में 15 जुलाई से जलापूर्ति शुरू करने का दावा भी विफल रहा और टेस्टिंग के नाम पर लोगों को रॉ वाटर (अशुद्ध पानी) की आपूर्ति कर दी गई। साथ ही पाइपलाइन की खामियां ढूंढने के नाम पर नई बनी बिटुमिन सड़कों को जगह-जगह खोदकर क्षतिग्रस्त कर दिया गया। विकास समिति ने योजना का थर्ड पार्टी तकनीकी ऑडिट, उपकरणों की गुणवत्ता जांच और पूरी जलापूर्ति प्रणाली का सार्वजनिक ट्रायल कराने की मांग की। इसके अलावा सभी 35 वार्डों में खराब स्ट्रीट लाइट व हाईमास्ट लाइट की मरम्मत, प्रत्येक वार्ड में 25 नई स्ट्रीट लाइट लगाने तथा बरसात को देखते हुए विशेष सफाई अभियान चलाने की भी मांग उठाई। नगर आयुक्त एजाज अनवर ने स्पष्ट कहा कि फिल्टर बेड तैयार नहीं होने के कारण अगस्त तक भी नियमित जलापूर्ति संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि टेस्टिंग के नाम पर रॉ वाटर देना लोगों के स्वास्थ्य के लिए खतरनाक है। यदि जिंदल एजेंसी समय पर कार्य पूरा नहीं करती है तो उसका अनुबंध रद्द कर ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई की जा सकती है। वहीं जिला प्रशासन ने भी एजेंसी की देरी और तकनीकी खामियों को गंभीरता से लेते हुए जवाब तलब किया है। मौके पर एसएन यादव, एसडी प्रसाद, उदित यादव, अश्वनी सिंह, कुमार विपिन बिहारी प्रसाद, देव प्रकाश, संजय कुमार सिंह, सिद्धनाथ सिंह यादव, उमाशंकर राम, दिलीप मंडल, रामानंद भक्ता, कैलाश शाह, छविनाथ प्रसाद, ओमप्रकाश, सेवा सिंह, सिमरन मेहरा, संतोष यादव, विनोद कुमार, सोनू पासवान, संदीप साहू, विजय गुप्ता, विनोद कुमार जायसवाल और ऋषि गुप्ता सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

इन्हें भी पढ़ें.