ताज़ा-ख़बर

लोहरदगा में दिल दहला देने वाला दोहरा हत्याकांड, युवक ने मां और पत्नी की सब्बल से पीटकर की हत्या

रिपोर्ट: VBN News Desk12 घंटे पहलेझारखण्ड

मानसिक तनाव और घरेलू विवाद बना खूनी वारदात की वजह, दो मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया

लोहरदगा में दिल दहला देने वाला दोहरा हत्याकांड, युवक ने मां और पत्नी की सब्बल से पीटकर की हत्या

लोहरदगा : जिले के भंडरा थाना क्षेत्र अंतर्गत धनामुन्जी गांव की जामुन टोली में शनिवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई जहां एक युवक ने घरेलू विवाद में अपनी वृद्ध मां और पत्नी की सब्बल से पीट-पीटकर हत्या कर दी। इस दोहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है जबकि दो छोटे बच्चे अनाथ हो गए हैं। मृतकों की पहचान 75 वर्षीय रूपी उरांव और उनकी 32 वर्षीय बहू सुमरी उरांव के रूप में हुई है। दोनों की हत्या आरोपी मड़वा उरांव ने की है जिसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। बताया जा रहा है कि घटना शनिवार शाम करीब 5 बजे की है। उस समय घर के अन्य सदस्य आम बागान में आम तोड़ने गए हुए थे। घर लौटने के बाद किसी बात को लेकर मड़वा उरांव का अपनी मां और पत्नी से विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में उसने घर में रखे लोहे के सब्बल से दोनों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण मां और पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के वक्त मृतका सुमरी उरांव के दोनों बच्चे घर पर नहीं थे। बेटी ट्यूशन पढ़ने गई हुई थी जिससे वह इस भयावह घटना की शिकार होने से बच गई। ग्रामीणों के अनुसार आरोपी मड़वा उरांव पिछले एक वर्ष से मानसिक बीमारी से जूझ रहा था और उसका इलाज रांची के कांके स्थित रिनपास अस्पताल में चल रहा था। बताया जा रहा है कि वह अक्सर गुस्से में रहता था। एक सप्ताह पूर्व उसके भतीजे एतवा उरांव की मौत हो गई थी जिसके बाद से वह मानसिक रूप से और अधिक परेशान रहने लगा था। घटना की सूचना मिलते ही भंडरा थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लोहरदगा भेज दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में घरेलू कलह और मानसिक अस्वस्थता हत्या की वजह प्रतीत हो रही है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और ग्रामीण भी इस वारदात से स्तब्ध हैं।

भंडरा से रोशन सहदेव की रिपोर्ट

इन्हें भी पढ़ें.