गिरिडीह के अभिनव प्रकाश ने अमेरिका में बढ़ाया जिले का मान, कैलिफोर्निया यूनिवर्सिटी से हासिल की मास्टर डिग्री
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में मास्टर डिग्री लेकर लौटे अभिनव, लॉस एंजिल्स में हुआ भव्य दीक्षांत समारोह

गिरिडीह : जिले के होनहार छात्र अभिनव प्रकाश ने अमेरिका की प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी ऑफ साउदर्न कैलिफोर्निया (USC) से कंप्यूटर साइंस (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) में मास्टर डिग्री हासिल कर जिले और राज्य का नाम रोशन किया है। शनिवार को अमेरिका के लॉस एंजिल्स में आयोजित भव्य दीक्षांत समारोह में उन्हें मास्टर डिग्री प्रदान की गई। इस उपलब्धि से परिवार सहित पूरे गिरिडीह में खुशी का माहौल है। दीक्षांत समारोह में अभिनव प्रकाश के साथ उनकी माता बिभा प्रकाश, पिता धर्म प्रकाश और भाई अनुभव प्रकाश भी मौजूद रहे। समारोह के बाद परिवार ने अपनी खुशी साझा करते हुए इसे गौरवपूर्ण क्षण बताया। अभिनव के पिता धर्म प्रकाश ने मोबाइल पर जानकारी देते हुए बताया कि यूनिवर्सिटी ऑफ साउदर्न कैलिफोर्निया विश्व की प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थाओं में शामिल है और इसकी गिनती दुनिया की शीर्ष विश्वविद्यालयों में होती है। यहां विभिन्न देशों के छात्र उच्च शिक्षा प्राप्त करने आते हैं। उन्होंने बताया कि अभिनव ने दो वर्षों की कठिन मेहनत और लगन के साथ अपनी पढ़ाई पूरी की और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे आधुनिक एवं महत्वपूर्ण विषय में मास्टर डिग्री हासिल की। वर्तमान समय में एआई तकनीक पूरी दुनिया में तेजी से विकसित हो रही है और ऐसे क्षेत्र में सफलता हासिल करना बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। परिजनों के अनुसार लॉस एंजिल्स में आयोजित दीक्षांत समारोह बेहद भव्य और विश्वस्तरीय था। समारोह में शामिल होकर परिवार खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहा है। अभिनव की इस सफलता पर गिरिडीह के लोगों ने भी खुशी जताई है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अभिनव प्रकाश की उपलब्धि जिले के युवाओं के लिए प्रेरणा है। उनकी सफलता यह साबित करती है कि मेहनत, समर्पण और सही दिशा में प्रयास करने से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान बनाई जा सकती है।