एसपी डॉ. विमल कुमार की सक्रिय मॉनिटरिंग से लंबित कांडों के निष्पादन में तेजी, आईजी ने की समीक्षा बैठक
गिरिडीह पुलिस की कार्यशैली की सराहना, महिला सुरक्षा और साइबर अपराध पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

गिरिडीह : प्रक्षेत्रीय पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) बोकारो ने शनिवार को गिरिडीह पुलिस कार्यालय स्थित सभागार में जिले के लंबित कांडों एवं विधि-व्यवस्था की समीक्षा की। समीक्षा बैठक के दौरान गिरिडीह पुलिस द्वारा अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा और साइबर अपराध के विरुद्ध की जा रही कार्रवाई को लेकर संतोष व्यक्त किया गया। खासकर पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार के नेतृत्व में लंबित मामलों के निष्पादन और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की सराहना की गई। बैठक में आईजी ने जिले के लंबित कांडों की समीक्षा करते हुए पुलिस अधिकारियों को मामलों के त्वरित निष्पादन, फरार अपराधियों की गिरफ्तारी तथा कानून व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पीड़ितों को शीघ्र न्याय दिलाने के लिए अनुसंधान प्रक्रिया में तेजी लाना जरूरी है। समीक्षा के दौरान यह बात सामने आई कि एसपी डॉ. विमल कुमार लगातार जिले के संवेदनशील मामलों की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। उनके निर्देशन में पुलिस टीम द्वारा फरार वारंटियों, कुख्यात अपराधियों तथा साइबर ठगी गिरोहों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। हाल के दिनों में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए गए अभियानों को भी प्रभावी बताया गया। आईजी ने महिला उत्पीड़न और पॉक्सो एक्ट से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने तथा महिला सहायता केंद्रों को सक्रिय बनाए रखने का निर्देश दिया। साथ ही गिरिडीह के जंगल क्षेत्रों में संचालित साइबर ठगी नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए विशेष रणनीति के तहत अभियान चलाने की बात कही। बैठक में विधि-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। आईजी ने पुलिस अधिकारियों से जनता के साथ बेहतर समन्वय बनाकर अपराध नियंत्रण को और प्रभावी बनाने का आह्वान किया। समीक्षा बैठक में एसपी डॉ. विमल कुमार, सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक, अंचल पुलिस निरीक्षक एवं थाना व ओपी प्रभारी उपस्थित रहे। अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
गिरिडीह से अमित सहाय की रिपोर्ट