शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाला आरोपी गिरफ्तार, भागलपुर से तिसरी पुलिस ने दबोचा
एफआईआर दर्ज होने के बाद फरार था शिक्षक, युवती की शिकायत पर पुलिस ने भेजा जेल

तिसरी : शादी का झांसा देकर युवती के साथ दुष्कर्म करने के आरोपी को तिसरी पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में गिरिडीह जेल भेज दिया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और पुलिस से बचने के लिए बिहार के भागलपुर इलाके में छिपा हुआ था। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान तिसरी पंचायत अंतर्गत पंदनाटांड़ निवासी अरविंद हेम्ब्रम, पिता इग्नूस हेम्ब्रम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आरोपी पेशे से एक विद्यालय का शिक्षक है। पुलिस के अनुसार युवती की शिकायत के आधार पर तिसरी थाना में कांड संख्या 20/2026 दर्ज किया गया था जिसके बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहा था। जानकारी के अनुसार पीड़िता तिसरी प्रखंड क्षेत्र की रहने वाली है और मुख्यालय स्थित एक निजी विद्यालय में पढ़ाई करती थी। इसी दौरान आरोपी अरविंद हेम्ब्रम ने उससे संपर्क बढ़ाया और शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। आरोप है कि लंबे समय तक युवती को शादी का भरोसा दिया जाता रहा लेकिन जब युवती ने विवाह का दबाव बनाना शुरू किया तो आरोपी ने साफ इनकार कर दिया। इसके बाद पीड़िता ने पूरे मामले की शिकायत तिसरी थाना में दर्ज कराई। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी बिहार के भागलपुर जिले के कहलगांव क्षेत्र में छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। तिसरी पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर गिरिडीह लाई जहां आवश्यक पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की आगे भी गंभीरता से जांच की जा रही है। वहीं इस घटना के सामने आने के बाद क्षेत्र में लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।