ताज़ा-ख़बर

सादगी भरी आभार यात्रा ने जीता दिल, डिप्टी मेयर पद के लिए सबसे काबिल बताईं जा रहीं नीतू शर्मा

रिपोर्ट: MANISH 5 घंटे पहलेझारखण्ड

833 मतों का जनादेश और वार्डवासियों का आशीर्वाद, वार्ड 17 से उभरा मजबूत नेतृत्व

सादगी भरी आभार यात्रा ने जीता दिल, डिप्टी मेयर पद के लिए सबसे काबिल बताईं जा रहीं नीतू शर्मा

आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर नगर निगम वार्ड 17 में इस बार चुनाव परिणाम के बाद जश्न की तस्वीर बाकी इलाकों से बिल्कुल अलग रही। जहां अन्य जगहों पर विजयी प्रत्याशी महंगी गाड़ियों के काफिलों और शक्ति प्रदर्शन के साथ विजय जुलूस निकालते दिखे वहीं नवनिर्वाचित पार्षद नीतू शर्मा ने सादगी और जनसंपर्क को प्राथमिकता दी। 27 फरवरी को मतगणना के बाद मिली जीत से उत्साहित वार्डवासियों ने उन्हें घर-घर आमंत्रित कर मिठाई खिलाने और स्वागत करने की इच्छा जताई। तेजस्विनी महिला समूह ने जीत के उपलक्ष्य में आभार यात्रा निकालने का प्रस्ताव रखा। सभी की भावनाओं का सम्मान करते हुए नीतू शर्मा ने 01 मार्च को महिलाओं और समर्थकों के साथ पैदल आभार यात्रा निकाली। बिना शोर-शराबे और तामझाम के वे हर उस घर पहुंचीं जहां से उन्हें बुलावा मिला था। लोगों ने फूल-मालाओं से स्वागत कर आशीर्वाद दिया और दोबारा पार्षद चुने जाने पर बधाई दी। आभार यात्रा के बाद वे जेएस टॉवर के समीप मैदान पहुंचीं जहां समर्थकों ने उनका जन्मदिन समारोह आयोजित किया था। केक काटकर उन्होंने समर्थकों के साथ जन्मदिन मनाया और होली की खुशियां साझा कीं। गौरतलब है कि वार्ड 17 इस बार नगर निगम की सबसे हॉट सीट मानी जा रही थी। पूर्व डिप्टी मेयर सहित पांच दिग्गज उम्मीदवार मैदान में थे। कड़े मुकाबले में नीतू शर्मा ने 833 मत प्राप्त कर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 146 मतों से पराजित किया। अन्य प्रत्याशियों को अपेक्षाकृत कम मत मिले। पांच मजबूत दावेदारों के बीच यह जीत जनता के विश्वास की बड़ी मिसाल मानी जा रही है। वार्डवासियों का मानना है कि उनकी सादगी, सक्रियता और सभी के प्रति समान व्यवहार उन्हें डिप्टी मेयर पद के लिए सबसे काबिल बनाता है। नीतू शर्मा ने अपनी जीत का श्रेय जनता को देते हुए कहा कि वे बिना भेदभाव के समग्र विकास के लिए कार्य करेंगी। समर्थकों का कहना है कि जिस तरह से उन्होंने जीत के बाद भी जमीन से जुड़ाव दिखाया वह उन्हें बड़े दायित्व के लिए स्वाभाविक रूप से योग्य बनाता है।

इन्हें भी पढ़ें.