दूसरी सोमवारी पर उमड़ा आस्था का सैलाब, मेयर संजय सरदार के नेतृत्व में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक
खरकई नदी से जल लेकर नेपाली बाबा शिव मंदिर पहुंचे कांवड़िये, बोले मेयर संजय सरदार- भगवान शिव की आराधना से मिलता है सकारात्मक ऊर्जा का संचार

आदित्यपुर : श्रावण माह की दूसरी सोमवारी पर सरायकेला-खरसावां जिले में भगवान शिव की भक्ति और आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। सुबह से ही विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। इसी क्रम में आदित्यपुर नगर निगम के मेयर संजय सरदार के नेतृत्व में सैकड़ों महिला-पुरुष श्रद्धालुओं एवं बाल कांवड़ियों ने खरकई नदी से पवित्र जल भरकर सतबोहनी धीराजगंज स्थित नेपाली बाबा शिव मंदिर में जलाभिषेक किया। श्रद्धालु कांवड़ लेकर खरकई नदी पहुंचे जहां विधिवत पूजा-अर्चना के बाद नदी से जल भरा गया। इसके बाद श्रद्धालुओं का जत्था भगवान शिव के जयकारे लगाते हुए नेपाली बाबा शिव मंदिर के लिए रवाना हुआ। रास्तेभर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा। महिला श्रद्धालुओं के साथ बड़ी संख्या में बाल कांवड़ियों की भागीदारी भी आकर्षण का केंद्र रही। मंदिर पहुंचने के बाद श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर सुख, शांति, समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। इस दौरान मंदिर परिसर में भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिली। इस अवसर पर मेयर संजय सरदार ने कहा कि श्रावण माह भगवान शिव की आराधना का पवित्र महीना है। दूसरी सोमवारी पर खरकई नदी से जल लेकर नेपाली बाबा शिव मंदिर में जलाभिषेक करना श्रद्धालुओं के लिए आस्था और आध्यात्मिक अनुभूति का अवसर है। उन्होंने कहा कि भगवान शिव सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि प्रदान करें, यही उनकी कामना है। मेयर ने श्रद्धालुओं से पर्व के दौरान आपसी भाईचारा बनाए रखने तथा शांतिपूर्ण और श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना करने की अपील की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु एवं कांवड़िये शामिल रहे।