ताज़ा-ख़बर

ट्रक पलटते ही सामने आया अवैध कारोबार का नेटवर्क, घरेलू सामान की आड़ में हो रही थी शराब तस्करी, 2 करोड़ की अवैध शराब बरामद

रिपोर्ट: VBN News Desk1 घंटे पहलेअपराध

हंसडीहा-देवघर मार्ग पर हादसे ने खोली तस्करी की परतें, 13 ट्रैक्टरों में भरकर थाने पहुंची शराब

ट्रक पलटते ही सामने आया अवैध कारोबार का नेटवर्क, घरेलू सामान की आड़ में हो रही थी शराब तस्करी, 2 करोड़ की अवैध शराब बरामद

दुमका : जिले के एनएच-133 हंसडीहा-देवघर मुख्य मार्ग पर सरैयाहाट थाना क्षेत्र के जमुनियां गांव के पास एक बड़ा मामला सामने आया जहां घरेलू सामान की आड़ में ले जाई जा रही भारी मात्रा में अवैध शराब का भंडाफोड़ हुआ। ट्रक के पलटने से इस अवैध तस्करी का खुलासा हुआ जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ट्रक में आटा और सर्फ की पेटियों के पीछे छिपाकर शराब की बड़ी खेप रखी गई थी। अनुमान है कि बरामद शराब की कीमत करीब 2 करोड़ रुपये से अधिक है। बताया जा रहा है कि यह खेप बिहार ले जाई जा रही थी लेकिन रास्ते में ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में शराब जब्त कर ली। जब्त शराब को 13 ट्रैक्टरों के माध्यम से थाना लाया गया जबकि आटा और सर्फ की पेटियों को 2 ट्रैक्टरों में भरकर सुरक्षित किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि शराब की यह खेप कहां से लाई जा रही थी और किन-किन लोगों की इसमें संलिप्तता है। साथ ही ट्रक चालक और तस्करों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। इस घटना के बाद क्षेत्र में अवैध शराब तस्करी को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस तरह के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इन्हें भी पढ़ें.