लावालौंग में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 25 लाख की अवैध अफीम व मादक पदार्थ बरामद
छापेमारी से पहले फरार हुए तस्कर, घरों से अफीम, डोडा और पोस्ता दाना जब्त

चतरा : लावालौंग में नशा कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए करीब 25 लाख रुपये मूल्य के अवैध अफीम और अन्य मादक पदार्थ बरामद किए हैं। इस कार्रवाई की जानकारी सिमरिया एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाउसाहब ने समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता में दी। उन्होंने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि लावालौंग थाना क्षेत्र के सलमा गांव के बाराटुंगरी टोला निवासी जतन गंझु और बालेश्वर गंझु अपने घरों में भारी मात्रा में अवैध अफीम, डोडा और पोस्ता दाना छिपाकर रखे हुए हैं। सूचना के आधार पर एसडीपीओ के नेतृत्व में थाना प्रभारी चंदन कुमार और सशस्त्र बल के जवानों की संयुक्त टीम गठित कर छापेमारी अभियान चलाया गया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने 2 किलो 329 ग्राम अवैध अफीम, 85 किलो 870 ग्राम डोडा और 29 किलो 320 ग्राम पोस्ता दाना बरामद किया। बरामद मादक पदार्थों की कुल कीमत लगभग 25 लाख रुपये आंकी गई है। हालांकि पुलिस कार्रवाई की भनक लगते ही दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। एसडीपीओ ने बताया कि फरार तस्करों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में नशा कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।