ताज़ा-ख़बर

तिलक समारोह से लौट रही महिला की कुएं में गिरकर मौत, सुबह मिला शव

रिपोर्ट: VBN News Desk14 घंटे पहलेझारखण्ड

मेदिनीनगर में दर्दनाक हादसा, पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव

तिलक समारोह से लौट रही महिला की कुएं में गिरकर मौत, सुबह मिला शव

पलामू : मेदिनीनगर सदर थाना क्षेत्र के चियांकी चावल मिल के पीछे शुक्रवार को एक अधेड़ महिला का शव कुएं से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान चियांकी पंचायत के सलैया टोला निवासी शांति देवी (51), पति अशोक भुइयां के रूप में की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार रात गांव में आयोजित तिलक समारोह में शांति देवी शामिल होने गई थीं। बताया जाता है कि देर रात करीब तीन बजे तक वह समारोह में मौजूद थीं लेकिन इसके बाद अचानक लापता हो गईं। परिजनों द्वारा खोजबीन के दौरान घर लौटने वाले रास्ते के पास स्थित कुएं के बाहर उनकी चप्पल दिखाई दी जिसके बाद कुएं में झांकने पर उनका शव नजर आया। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सहायक अवर निरीक्षक समाल अहमद के नेतृत्व में काफी मशक्कत के बाद शव को कुएं से बाहर निकाला गया। पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए एमएमसीएच भेज दिया है। थाना प्रभारी लाल जी के अनुसार प्रथम दृष्टया यह मामला दुर्घटना का प्रतीत होता है। आशंका जताई जा रही है कि महिला ने समारोह में शराब का सेवन किया था और घर लौटते समय संतुलन बिगड़ने से वह कुएं में गिर गईं। परिजनों ने हत्या की आशंका से इनकार किया है। गौरतलब है कि करीब डेढ़ वर्ष पूर्व मृतका के ससुर की भी इसी कुएं में गिरने से मौत हो चुकी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

इन्हें भी पढ़ें.