बरवाडीह में महिला समूह की सराहनीय पहल, राहगीरों के लिए शुरू हुई पनशाला
भीषण गर्मी में नारीशक्ति संगठन बना सहारा, बस स्टैंड के पास मिलेगा ठंडा पेयजल

बरवाडीह, लातेहार : भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच बरवाडीह में महिला समूहों की ओर से मानवता और सामाजिक सेवा की मिसाल पेश की गई है। बुधवार को बरवाडीह प्रखंड मुख्यालय स्थित बस स्टैंड के समीप नारीशक्ति महिला संकुल संगठन द्वारा राहगीरों एवं आमजनों की सुविधा के लिए पनशाला (प्याऊ) का शुभारंभ किया गया। इस पहल से अब यात्रियों और स्थानीय लोगों को शुद्ध एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध हो सकेगा। बस स्टैंड स्थित यात्री शेड के पास शुरू की गई इस पनशाला का उद्घाटन जिला परिषद सदस्य पश्चिमी बरवाडीह श्रीमती संतोषी शेखर, प्रखंड विकास पदाधिकारी रेशमा रेखा मिंज, प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक अरुण कुमार तथा नारीशक्ति आजीविका महिला संकुल संगठन की अध्यक्ष पूनम देवी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने महिला समूहों की इस पहल की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में राहगीरों को पेयजल उपलब्ध कराना सेवा, सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी का उत्कृष्ट उदाहरण है। अतिथियों ने कहा कि इस प्रकार के कार्य समाज में संवेदनशीलता और मानवता की भावना को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम में जेएसएलपीएस से जुड़े कई पदाधिकारी एवं सखी मंडल की दीदियां उपस्थित रहीं। इनमें संतोष कुमार (एफटीसी), जाबिर हुसैन (सामुदायिक समन्वयक), अमित कुमार (संकुल प्रबंधक), प्रिया कुमारी (एमआईएस सहायक), मुकेश कुमार (आईएफसी एंकर), बीपीओ दिलसाद आलम तथा उप मुखिया सुल्तान अहमद प्रमुख रूप से शामिल थे। स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि गर्मी के इस मौसम में पनशाला राहगीरों, मजदूरों और बाजार आने-जाने वाले लोगों के लिए काफी राहत देने वाली साबित होगी। लोगों ने महिला संगठन की इस सामाजिक पहल को प्रेरणादायक बताते हुए इसे जनसेवा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम कहा।