ताज़ा-ख़बर

झारखंड के 20 जिलों में बारिश और वज्रपात का अलर्ट

रिपोर्ट: VBN News Desk1 घंटे पहलेझारखण्ड

मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट

झारखंड के 20 जिलों में बारिश और वज्रपात का अलर्ट

रांची: राजधानी रांची समेत झारखंड के 20 जिलों में गुरुवार को बारिश, तेज आंधी और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार कई इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसे देखते हुए लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग के मुताबिक राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला रहेगा। हालांकि उत्तर-पश्चिमी झारखंड के चार जिलों—गढ़वा, पलामू, लातेहार और चतरा—में बारिश की संभावना अपेक्षाकृत कम है। इसके अलावा राज्य के अन्य जिलों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश और वज्रपात की आशंका जताई गई है।

विभाग ने यह भी संकेत दिया है कि दो जून तक मौसम अस्थिर बना रह सकता है। इस अवधि में कई स्थानों पर गर्जन, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसी को लेकर येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।

मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की है। अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने और आकाशीय बिजली की स्थिति में सुरक्षित स्थान पर शरण लेने की सलाह दी गई है। किसानों को भी मौसम की गतिविधियों पर नजर रखते हुए खेती-बाड़ी के कार्यों में सावधानी बरतने को कहा गया है।

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में मौसम में बदलाव दर्ज किया गया। पाकुड़ जिले के पाकुड़िया में सर्वाधिक 16 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई। वहीं अमरपारा, महेशपुर, महगांव, बोआरिजोर, पथरगामा और मझगांव समेत कई क्षेत्रों में हल्की बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिली।

तापमान की बात करें तो डाल्टनगंज राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं गोड्डा में न्यूनतम तापमान 21.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। रांची में अधिकतम तापमान 39.3 डिग्री और न्यूनतम 25.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि बोकारो में अधिकतम 40.5 डिग्री और चाईबासा में 41 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

राजधानी रांची और आसपास के क्षेत्रों में बुधवार सुबह मौसम साफ रहा, लेकिन दोपहर बाद बादल छाने और मध्यम गति से हवा चलने से लोगों को गर्मी से राहत महसूस हुई। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में मौसम की बदलती परिस्थितियों को देखते हुए सतर्क रहने की अपील की है।

इन्हें भी पढ़ें.