घरेलू विवाद के बाद युवक ने की आत्महत्या, चार मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
हेसाडीह मैदान के पास फंदे से लटका मिला मजदूर का शव, जांच में जुटी पुलिस

चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के तांतनगर ओपी क्षेत्र अंतर्गत कोकचो गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है जहां घरेलू विवाद के बाद एक युवक ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 32 वर्षीय हरिचरण जोंको के रूप में हुई है जो मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह हरिचरण का अपनी पत्नी के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद के बाद वह घर से निकल गया। कुछ समय बाद वह गांव से करीब एक किलोमीटर दूर हेसाडीह फुटबॉल मैदान के पास स्थित एक कुएं के समीप पहुंचा जहां उसने रस्सी के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी उस समय हुई जब आसपास के ग्रामीणों की नजर युवक पर पड़ी। इसके बाद गांव के मुंडा को सूचना दी गई और देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। इस घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। मृतक अपने पीछे चार छोटे बच्चों (तीन बेटे और एक बेटी) को छोड़ गया है। परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से ही कमजोर बताई जा रही है ऐसे में इस हादसे के बाद परिजनों के सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है ताकि बच्चों का भविष्य सुरक्षित हो सके।