ताज़ा-ख़बर

हिरणपुर में युवक की गला दबाकर हत्या, प्रेम प्रसंग और पारिवारिक रंजिश का खुलासा, पति-पत्नी गिरफ्तार

रिपोर्ट: VBN News Desk5 घंटे पहलेअपराध

पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतक का संबंध आरोपी गीता देवी से था, जो कि महेश यादव की पत्नी है।

हिरणपुर में युवक की गला दबाकर हत्या, प्रेम प्रसंग और पारिवारिक रंजिश का खुलासा, पति-पत्नी गिरफ्तार

पाकुड़ : जिले के हिरणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत तुरसाडीह गांव में एक सनसनीखेज हत्या की घटना सामने आई है। बीते 11 जुलाई की रात करीब दो बजे गांव के ही युवक रूपेश यादव (उम्र लगभग 26 वर्ष) की गला दबाकर हत्या कर दी गई और उसका शव गांव के पास स्थित हडमाडंगाल पोखरा के समीप झाड़ियों में फेंक दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर हिरणपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों महेश यादव और उसकी पत्नी गीता देवी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। इस हत्या की जांच टीम का नेतृत्व पुलिस निरीक्षक अनिल गुप्ता कर रहे हैं जिसमें थाना प्रभारी रंजन कुमार सिंह, एसआई गौरीशंकर प्रसाद, साधन कर्मकार और किशोर टुडू शामिल हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतक का संबंध आरोपी गीता देवी से था, जो कि महेश यादव की पत्नी है। मृतक के सहकर्मी चालक दिगम्बर यादव के अनुसार घटना की रात रूपेश यादव को गीता देवी के मोबाइल नंबर से तीन बार कॉल आया था। रूपेश ने चालक को वाहन की जिम्मेदारी सौंपते हुए रात दो बजे गीता देवी से मिलने की बात कही थी। इसके कुछ ही समय बाद उसकी हत्या कर दी गई। मृतक के पिता अर्जुन यादव ने थाने में दर्ज प्राथमिकी में गांव के छह लोगों को नामजद किया है, जिनमें महेश यादव, रीता देवी, विष्णु यादव, गीता देवी, बिंदु यादव और कांति देवी शामिल हैं। परिजनों का आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते इन सभी ने मिलकर उनके बेटे की साजिशन हत्या की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी गले और हाथों पर नाखूनों के खरोंच के निशान मिले हैं जो हत्या से पहले संघर्ष की ओर संकेत करते हैं। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त गमछा और मृतक का मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है। थाना प्रभारी रंजन कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच हर संभव पहलू से की जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह मामला प्रेम प्रसंग और पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है हालांकि सभी तथ्यों की पुष्टि जांच के बाद ही की जा सकेगी। पुलिस अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

इन्हें भी पढ़ें.