संदिग्ध हालत में युवती की हुई मौत, मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप
छानबीन में जुटी पुलिस

Niraj Kumar
छतरपुर (पलामू) : छतरपुर थाना क्षेत्र के मुनकेरी में एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। मायके वालों ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। मृतका की पहचान जैबुन बीवी, पति शेर मोहम्मद, ग्राम मुनकेरी, थाना छतरपुर के रूप में किया गया। इस संबंध में मृतका जैबून के पिता सरफुद्दीन मियां ने छतरपुर थाने में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने बताया है कि 7 वर्ष पूर्व बेटी की शादी शेर मोहम्मद से किया था।
लेकिन शादी के बाद से ही दामाद हमेशा दहेज की मांग करता था। दहेज के कारण ही उनकी बेटी को मारकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की है। मृतका के पिता ने बताया कि जैबुन ने तीन माह पूर्व एक बच्ची को जन्म दिया था। उसकी मृत्यु इसी माह 11 दिसंबर को हुई थी। दो दिन बाद 13 दिसंबर को उनकी बेटी की हत्या कर दी गई। उन्होंने बताया कि इस संबंध में छतरपुर थाना में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।
इस संबंध में छतरपुर थाना प्रभारी प्रशांत प्रसाद ने बताया कि पुलिस शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम का रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। अभी छानबीन चल रही है।