भोलेनाथ हॉस्पिटल ने पतरातू में लगाया शिविर, 180 मरीजों को मिला लाभ
पतरातु के हनुमानगढ़ी में नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर, मुखिया ने डॉक्टरों को किया सम्मानित

रांची। भोलेनाथ हॉस्पिटल एवं रिसर्च सेंटर, सुंडील, मनातू की ओर से रविवार को पतरातू प्रखंड अंतर्गत हनुमानगढ़ी पंचायत भवन में नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बीपी, शुगर, ईसीजी, ब्लड जांच सहित विभिन्न प्रकार की स्वास्थ्य जांच की गई और जरूरतमंद मरीजों को मुफ्त दवाएं भी प्रदान की गईं।
इस शिविर में छाती रोग विशेषज्ञ डॉ. एम.के. सिंह एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रीति सिंह ने मरीजों की जांच कर परामर्श दिया। दमा, एलर्जी, मधुमेह, उच्च रक्तचाप, हृदय रोग एवं महिलाओं से संबंधित बीमारियों की जांच की गई। शिविर में कुल लगभग 180 मरीजों ने लाभ उठाया। कार्यक्रम को सफल बनाने में हनुमानगढ़ी पंचायत की मुखिया नूतन सिंह एवं मुखिया पति धर्मेंद्र कुमार सिंह का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
शिविर के दौरान मुखिया नूतन सिंह द्वारा उपस्थित डॉक्टरों को शॉल एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया, जिससे उनका उत्साह बढ़ा। मुखिया ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के स्वास्थ्य शिविर बेहद जरूरी हैं, ताकि लोगों को समय पर जांच और सही इलाज मिल सके। स्थानीय ग्रामीणों ने भोलेनाथ हॉस्पिटल एवं रिसर्च सेंटर की इस पहल की सराहना की और भविष्य में भी ऐसे शिविर आयोजित करने की मांग की।