अखिल भारतीय आदिवासी कवर विकास समिति की बैठक सह वनभोज कार्यक्रम संपन्न
अखिल भारतीय आदिवासी कवर विकास समिति के वार्षिक सम्मेलन में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री को आमंत्रित करने का लिया गया निर्णय

डुमरी (गुमला)। प्रखंड के खेतली पंचायत अंतर्गत रतासली ग्राम स्थित डाड़ी बगीचा में अखिल भारतीय आदिवासी कवर विकास समिति की बैठक सह वनभोज कार्यक्रम का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति के जिला अध्यक्ष जवाहर कवर ने की।
बैठक में रतासली ग्राम के सभी समुदाय के लोगों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि डाड़ी बगीचा मंदिर में प्रतिदिन ग्रामीणों द्वारा पूजा-पाठ किया जाएगा। इस निर्णय के तहत पूजा-पाठ की शुरुआत भी कर दी गई। इसके साथ ही मंदिर परिसर में अखंड हरिकीर्तन आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया, जिसे सभी समुदाय के लोगों का समर्थन प्राप्त हुआ।
वहीं बैठक के दौरान विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी रतासली ग्राम में अखिल भारतीय आदिवासी कवर विकास समिति का वार्षिक सम्मेलन भव्य रूप से आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया। साथ ही सम्मेलन में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को बतौर मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित करने पर सबकी सहमति बनी। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष जवाहर कवर ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए नशा-पान से दूर रहने, बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने, सड़क सुरक्षा के तहत परिवहन नियमों का पालन करने एवं शादी-विवाह में दहेज जैसी कुप्रथाओं से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि कवर समाज को एकजुट होकर कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ना होगा, तभी कवर समाज का सर्वांगीण विकास संभव है और वार्षिक सम्मेलन को भी सफल बनाने हेतु सभी लोगों का सहयोग अपेक्षित है। वहीं कहा कि हम सरना सनातन धर्मावलंबियों को अपने पूर्वजों के द्वारा बताए गए परंपरा व संस्कार को कभी नहीं भूलना चाहिए।
हम सभी किसान वर्ग के लोग हैं हममें धरती का सीना चीरकर अनाज उपजाने का सामर्थ्य ईश्वर ने दिया है, अतः हम सभी को अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलाकर राष्ट्र के उत्थान में अपना सहयोग प्रदान कर समाज का नाम रोशन करना है। इसके लिए हमें एकजुट होकर सार्थक प्रयास करने की आवश्यकता है। कार्यक्रम में मुख्य रूप से कुंवर कवर, जोगेंद्र साय, अर्जुन साय, बीरबल कवर, बैजनाथ कवर, धनराज कवर, विकास कवर, बिंदेश्वर कवर, इन्द्रू साय, पूर्व मुखिया बलवती देवी, शशिकला साय, बुधराम साय, मंटू कवर सहित सैकड़ों की संख्या में कवर समाज के लोग उपस्थित थे।