ताज़ा-ख़बर

झारखंड के राज्य द्वितीय टॉपर अवि गोयल सम्मानित, 99.4% अंक से बढ़ाया गिरिडीह का मान

रिपोर्ट: Amit Sahay2 घंटे पहलेझारखण्ड

डीएवी प्राचार्य ओम प्रकाश गोयल को भी मिला सम्मान, शिक्षा मंत्री व ग्रामीण विकास मंत्री ने की उपलब्धियों की सराहना

झारखंड के राज्य द्वितीय टॉपर अवि गोयल सम्मानित, 99.4% अंक से बढ़ाया गिरिडीह का मान

गिरिडीह : सीबीएसई 12वीं बोर्ड परीक्षा में 99.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर झारखंड में राज्य द्वितीय टॉपर बनने वाले गिरिडीह के मेधावी छात्र अवि गोयल तथा डीएवी पब्लिक स्कूल, सीसीएल गिरिडीह के प्राचार्य ओम प्रकाश गोयल को रांची के हरवंश ताना भगत इंडोर स्टेडियम में आयोजित पब्लिक स्कूल एंड चिल्ड्रेन वेलफेयर एसोसिएशन के सम्मान समारोह में सम्मानित किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका सिंह पांडेय ने प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति-चिह्न प्रदान कर दोनों का अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि अवि गोयल की उपलब्धि कठिन परिश्रम, अनुशासन, आत्मविश्वास और उत्कृष्ट मार्गदर्शन का परिणाम है। उनकी सफलता राज्य के हजारों विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। उन्होंने विद्यार्थियों से नैतिक मूल्यों और अनुशासन के साथ अपने लक्ष्य की ओर निरंतर प्रयासरत रहने का आह्वान किया। इस अवसर पर डीएवी पब्लिक स्कूल, सीसीएल गिरिडीह के प्राचार्य ओम प्रकाश गोयल को विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण और अनुशासन कायम रखने के लिए सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने के बाद उन्होंने इसे विद्यालय के शिक्षकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों तथा सीसीएल प्रबंधन के सामूहिक प्रयास का परिणाम बताया और कहा कि आगे भी विद्यालय उत्कृष्ट शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा। समारोह में शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, पूर्व वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव सहित कई जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे। इस सम्मान से न केवल डीएवी पब्लिक स्कूल, सीसीएल गिरिडीह बल्कि पूरे गिरिडीह जिले का गौरव बढ़ा है। स्थानीय लोगों और शिक्षकों ने अवि गोयल एवं प्राचार्य ओम प्रकाश गोयल को बधाई देते हुए इसे जिले के लिए गर्व का क्षण बताया।

इन्हें भी पढ़ें.