आदित्यपुर में एसपी की बाइक पेट्रोलिंग, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
अपराध नियंत्रण पर सख्ती के निर्देश, बोले एसपी- कानून-व्यवस्था से नहीं होगा कोई समझौता

आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने सोमवार को आदित्यपुर थाना क्षेत्र में बाइक पेट्रोलिंग कर सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने आदित्यपुर थाना से बाइक पर विभिन्न संवेदनशील इलाकों का भ्रमण करते हुए पुलिस की गश्ती व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधन का निरीक्षण किया। पेट्रोलिंग के बाद पुलिस अधीक्षक ने आदित्यपुर थाना परिसर में पुलिस पदाधिकारियों एवं टाइगर मोबाइल के जवानों के साथ बैठक कर कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने नियमित गश्ती बढ़ाने, अपराध नियंत्रण पर विशेष ध्यान देने, संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने तथा आम नागरिकों के साथ बेहतर व्यवहार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक को संबोधित करते हुए एसपी मनोज स्वर्गियारी ने कहा कि पुलिस की पहली प्राथमिकता आम जनता को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों से सक्रिय रहकर नियमित पेट्रोलिंग करने, लोगों की शिकायतों को गंभीरता से सुनने तथा किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई करने को कहा। एसपी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कानून-व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर ही अपराध पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। इसके लिए सभी पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को पूरी जिम्मेदारी, सतर्कता और ईमानदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिले में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार सक्रिय रहेगी।