ताज़ा-ख़बर

भ्रष्टाचार पर एसीबी का बड़ा प्रहार, जिला आयुष पदाधिकारी रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

रिपोर्ट: VBN News Desk1 घंटे पहलेअपराध

20 हजार की घूस लेते पकड़े गए राम प्रकाश वर्मा, स्वास्थ्य विभाग में मचा हड़कंप

भ्रष्टाचार पर एसीबी का बड़ा प्रहार, जिला आयुष पदाधिकारी रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

चतरा : जिले के टंडवा मुख्यालय अंतर्गत भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी और निर्णायक कार्रवाई करते हुए जिला आयुष पदाधिकारी राम प्रकाश वर्मा को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से न केवल प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है बल्कि टंडवा क्षेत्र में रिश्वतखोर अधिकारियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार राम प्रकाश वर्मा टंडवा में पदस्थापित आयुष चिकित्सक डॉ. प्रिया कुमारी से किसी आधिकारिक कार्य के एवज में 20 हजार रुपये की रिश्वत की मांग कर रहा था। रिश्वत की मांग से परेशान होकर पीड़िता ने इसकी शिकायत एसीबी से की। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए एसीबी ने पहले मामले का सत्यापन कराया जिसमें आरोप सही पाए गए। सत्यापन के बाद एसपी आरिफ इकराम के नेतृत्व में गठित एसीबी की विशेष टीम ने पूरी योजना के तहत जाल बिछाया। जैसे ही आरोपी अधिकारी ने रिश्वत की रकम ली एसीबी की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे मौके पर ही धर दबोचा। गिरफ्तारी के साथ ही आरोपी से रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली गई। इस कार्रवाई के बाद स्वास्थ्य विभाग में खलबली मच गई है। अधिकारी और कर्मचारी इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। वहीं एसीबी की टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह जानने का प्रयास कर रही है कि कहीं इस मामले में अन्य लोग भी शामिल तो नहीं हैं। एसीबी अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। इस कार्रवाई को आम लोगों के बीच भ्रष्टाचार के विरुद्ध एक कड़ा संदेश माना जा रहा है जिससे सरकारी तंत्र में पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

इन्हें भी पढ़ें.