ताज़ा-ख़बर

नगरपालिका चुनाव से पहले अवैध शराब पर बड़ी कार्रवाई, 119 लीटर से अधिक शराब जप्त, 6 गिरफ्तार

रिपोर्ट: MANISH 2 घंटे पहलेअपराध

सघन छापेमारी में 6 गिरफ्तार, 3 अभियुक्त न्यायिक हिरासत में भेजे गए

नगरपालिका चुनाव से पहले अवैध शराब पर बड़ी कार्रवाई, 119 लीटर से अधिक शराब जप्त, 6 गिरफ्तार

सरायकेला-खरसावाँ : नगरपालिका (आम) निर्वाचन-2026 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा अवैध शराब के विरुद्ध सख्त रुख अपनाया गया है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर अधीक्षक उत्पाद क्षितिज विजय मिंज के नेतृत्व में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सघन छापेमारी एवं रात्रि गश्ती अभियान चलाया गया। इसी क्रम में सरायकेला-कांड्रा मार्ग पर मुड़िया ग्राम के समीप रात्रि गश्ती के दौरान एक नीले रंग के डाला टेम्पो (निबंधन संख्या-जेएच05डीडी-5720) को संदेह के आधार पर रोका गया। तलाशी के दौरान वाहन से दो बड़े झोलों में भरी 54.705 लीटर नकली विदेशी शराब बरामद की गई। मौके से वाहन चालक कृति कुमार साहु एवं उसके सहयोगी संजय कुमार बेहरा को गिरफ्तार करते हुए वाहन को विधिवत जप्त कर लिया गया। इसके अलावा गम्हरिया एवं आदित्यपुर थाना क्षेत्र के नीमडीह, उदयपुर, बास्कोनगर और भाटिया बस्ती में भी छापेमारी की गई जहां से चार अन्य अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। इन अभियुक्तों के पास से 20 लीटर अवैध चुलाई शराब एवं 45 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की गई। खास तौर पर एक अभियुक्त के पास से झारखंड राज्य में अपंजीकृत किंग्स गोल्ड ब्रांड की 60 बोतल विदेशी शराब जप्त की गई। भाटिया बस्ती से गिरफ्तार अभियुक्त राजरतन मिश्रा को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है जबकि कृति कुमार साहु एवं संजय कुमार बेहरा को भी न्यायिक हिरासत में अग्रसारित करने की प्रक्रिया चल रही है। शेष अभियुक्तों के विरुद्ध झारखंड उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चुनाव के दौरान अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।

इन्हें भी पढ़ें.