वार्ड 29 से अर्चना सिंह ने ठोका दावा, विकास और जनसमस्याओं को बनाया चुनावी मुद्दा
दिवंगत पार्षद राजमणि देवी के सपनों को आगे बढ़ाने के संकल्प के साथ अर्चना सिंह मैदान में

आदित्यपुर : नगर निगम के वार्ड संख्या 29 से पार्षद पद की प्रत्याशी अर्चना कुमारी सिंह ने मंगलवार को सरायकेला अनुमंडल कार्यालय में अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने जीत का भरोसा जताते हुए कहा कि वे अपनी दिवंगत सास एवं पूर्व पार्षद राजमणि देवी के अधूरे विकास कार्यों को पूरा करने के उद्देश्य से चुनाव मैदान में उतरी हैं। अर्चना सिंह ने बताया कि वार्ड में सड़क, नाली, स्वच्छता, पेयजल और स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत समस्याएं उनकी प्राथमिकता रहेंगी। उन्होंने कहा कि राजमणि देवी द्वारा तैयार विकास का रोडमैप ही उनके लिए मार्गदर्शक है। उल्लेखनीय है कि राजमणि देवी वार्ड 29 से तीन बार पार्षद रह चुकी थीं और सबसे अधिक मतों से जीत का रिकॉर्ड उनके नाम दर्ज है। वार्ड 29 में इस बार मुकाबला दिलचस्प माना जा रहा है जहां अर्चना सिंह के सामने पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष रीता श्रीवास्तव मैदान में हैं। अर्चना सिंह ने कहा कि जनता का समर्थन ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और वे वार्ड के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं।