सिमडेगा में एसीबी की बड़ी कार्रवाई, रिश्वत लेते गृह रक्षक जवान गिरफ्तार
ड्यूटी दिलाने के नाम पर मांगे थे 7 हजार रुपये, एसीबी ने रंगे हाथ दबोचा

सिमडेगा : जिला होमगार्ड कार्यालय में गुरुवार को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) रांची की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक गृह रक्षक जवान को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के बाद पूरे कार्यालय परिसर में हड़कंप मच गया और कर्मचारियों के बीच दिनभर चर्चा का माहौल बना रहा। गिरफ्तार गृह रक्षक जवान की पहचान राजू कुमार साह के रूप में हुई है जो जिला होमगार्ड कार्यालय में कार्यरत था। एसीबी की टीम ने उसे 7 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया। मिली जानकारी के अनुसार बानो थाना क्षेत्र के बुड़िसरी गांव निवासी श्रवण गोप ने एसीबी रांची में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि होमगार्ड कार्यालय से ड्यूटी दिलाने के नाम पर राजू कुमार साह द्वारा उनसे 7 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी। शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम ने मामले का गुप्त सत्यापन कराया। जांच के दौरान रिश्वत मांगने की बात सही पाए जाने पर टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की तैयारी की। गुरुवार को एसीबी अधिकारियों ने जाल बिछाकर आरोपी को रिश्वत की रकम लेते ही रंगे हाथ पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान एसीबी टीम ने कार्यालय में मौजूद लोगों से पूछताछ भी की। गिरफ्तारी के बाद आरोपी जवान को आगे की पूछताछ और कानूनी प्रक्रिया के लिए अपने साथ रांची ले जाया गया। एसीबी की इस कार्रवाई से जिले के सरकारी कार्यालयों में भी हलचल तेज हो गई है। लोगों के बीच यह चर्चा है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ एजेंसी लगातार सख्त रुख अपना रही है और शिकायत मिलने पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है। स्थानीय लोगों ने एसीबी की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि सरकारी कार्यालयों में रिश्वतखोरी पर रोक लगाने के लिए इस तरह की कार्रवाई जरूरी है। लोगों का कहना है कि गरीब और बेरोजगार युवाओं से नौकरी या ड्यूटी दिलाने के नाम पर पैसे मांगना बेहद गंभीर मामला है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। बताया जा रहा है कि एसीबी टीम पूरे मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। वहीं इस कार्रवाई के बाद जिला होमगार्ड कार्यालय के कर्मचारियों में दिनभर बेचैनी और चर्चा का माहौल बना रहा।